21जेएनडी07-पुलिस लाइन में शहीदों को श्रद्धांजलि देते पुलिस के जवान। स्रोत पुलिस
जींद। शहीद स्मृति दिवस पर मंगलवार को जिला पुलिस लाइन में एसपी कुलदीप सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले जवानों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उनके बलिदान से हमें अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठा एवं साहस की प्रेरणा मिलती है। इस समारोह में जिले के पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शहीदों के परिजनों ने भाग लिया।
एसपी ने बताया कि एक वर्ष में देशभर में ड्यूटी के दौरान 191 पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। इन सभी वीर सपूतों को आज याद किया गया और उनके नामों का उच्चारण कर श्रद्धांजलि दी गई।
उन्होंने बताया कि यह दिवस हर वर्ष 21 अक्तूबर को उन दस वीर पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है जो 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीन के सैनिकों द्वारा किए गए हमले में शहीद हुए थे।
एसपी ने शहीदों के परिजनों को सम्मानित कर आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग हर समय उनके साथ खड़ा है। शहीदों के परिजनों को सहयोग देना विभाग का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। वहीं, शहीद परिवारों ने भी गर्व के साथ कहा कि उन्हें अपने बेटों की शहादत पर दुख नहीं, बल्कि गर्व है कि उनका बलिदान देश की सेवा में हुआ।
इस अवसर पर एएसपी सोनाक्षी सिंह, डीएसपी संदीप कुमार, डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा, डीएसपी सफीदों गौरव शर्मा, डीएसपी उचाना संजय कुमार मौजूद रहे।