फोटो 09जेएनडी19-सत्य निकेतन में हुए हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं को श्रद्धांजलि देते हुए एस
जींद। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से सीआरएसयू में सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान दिवंगत युवाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
एसएफआई के जिला कन्वीनर सचेत अहिरका ने कहा कि सत्य निकेतन में हुआ हादसा केवल एक दुर्घटना नहीं है बल्कि यह भवनों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं को सुरक्षित आवास एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
इस जिम्मेदारी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एसएफआई हादसे की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग करती है।
जांच के आधार पर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही राजधानी सहित देशभर में छात्र-युवाओं के रहने वाले भवनों की सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच करवाने की भी मांग की गई। इस दौरान विवेक, नवीन, अमित, रोहित, अंकित, रोहन मौजूद रहे। संवाद