संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। दिवाली और छठ पूजा के लिए हर साल हजारों यात्री रोहतक से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड स्थित अपने घर जाते है। ऐसे में रेलगाड़ियों के टिकट कई माह पहले ऑनलाइन ही बुक हो चुके है, जिन यात्रियों की टिकट कंफर्म नहीं हो पाई उन्हें अब रेलवे स्टेशन पर आकर टिकट कंफर्म से संबंधित जानकारी लेनी पड़ रही है। रोहतक स्टेशन से 200 बीच वेटिंग चल रही है। ज्यादातर यात्री फोन से ही टिकट की जानकारी ले रहे है, इससे आरक्षण केंद्र तक खाली पड़ा हुआ है।
यदि आप दिवाली और छठ पर घर जाने की सोच रहे हैं तो आपको एक कंफर्म टिकट के लिए मायूस होना पड़ सकता है। बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली रेलगाड़ियों में कंफर्म टिकट को मारामारी है। वाया पटना हावड़ा जाने वाली ट्रेनों में 200 के बीच वेटिंग चल रही है। रेलवे प्रशासन की ओर से त्योहार पर अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन से ही यात्रियों को राहत मिल सकती है। लेकिन अभी तक रेलवे द्वारा किसी भी अलग से स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा नहीं की गई है। अगर रेलवे नई ट्रेन चलाने की घोषणा करता है तो यात्री आसानी से दिवाली व छठ पूजा पर घर की तरफ जा सकते है। सुबह के समय तत्काल में टिकट करवाने वाले यात्रियों की लंबी कतार लगती है। लेकिन उनमें से सिर्फ 7 से 8 लोगों को ही तत्काल में टिकट मिल रही है।
इंडस्ट्रियल हब होने से हजारों प्रवासी काम के लिए आते हैं रोहतक
रोहतक शहर एजुकेशन ही नहीं इंडस्ट्रियल का भी बहुत बड़ा हब है। जिसमें अनेक राज्यों से लोग यहां पर काम करते है। शहर में अलग-अलग इंडस्ट्रियल एरिया में लगभग 500 से ज्यादा फैक्टरिया हैं। यात्री दिवाली व छठ पूजा पर अपने घर जाने के लिए ट्रेन के सफर को ही बेहतर मानते है। लेकिन जिन यात्रियों ने दो महीने पहले टिकट करवाई है, उनकी टिकट कंफर्म हो चुकी है। लेकिन जो अब व एक महीने पहले टिकट करवा चुके है उनमें से कुछ यात्रियों की ही टिकट कंफर्म हो पाई है।
यात्रियों में ऑनलाइन टिकट बुक कराने का बढ़ा क्रेज
आज के समय में डिजिटलाइजेशन का क्रेज बढ़ने से आमजन इसका फायदा भरपूर मात्रा में उठा रहा है। यात्री अब मोबाइल फोन और लैपटाॅप के माध्यम से ही टिकट बुक कर रहे है। जिसकी वजह से यात्रियों को समय की बचत हो रही है। यात्री टिकट कंफर्म करने के लिए मोबाइल ऐप का सहारा भी ले रहे है। इसकी वजह से उन्हें स्टेशन आने की जरूरत नहीं पड़ती है और फोन में ही टिकट का पीडीएफ डाउनलोड कर सफर करते है।
इस समय दिवाली और छठ पूजा के लिए यूपी और बिहार की तरफ जाने वाले यात्रियों की टिकट जल्दी सी कंफर्म नहीं हो रही है। जिन्होंने पहले करवाई है, उनकी टिकट कंफर्म हो चुकी है। हालांकि अब भी काफी प्रवासी टिकट के लिए जानकारी लेने के लिए आते रहते हैं।
पंकज कुमार, सीएमआई, रेलवे स्टेशन