04जेएनडी13-अंडरपास शुरू होने के बाद गुजरते हुए वाहन चालक। संवाद
उचाना। लितानी रोड पर स्थित रेलवे फाटक पर बने यू आकार के अंडरपास को शुरू कर दिया गया है। फाटक बंद होने के बाद लगने वाले जाम से वाहन चालकों को अब राहत मिलेगी। फाटक बंद होने के बाद उचाना कलां की मानव रहित फाटक की जगह बने अंडरपास से होकर वाहन चालक आते-जाते थे। लितानी रोड अंडरपास शुरू होने से अब ट्रेनों का आवागमन भी वाहन चालकों को रोक नहीं पाएगा। अंडरपास के शुरू होने से वाहन चालकों, लोगों को राहत भी मिलेगी और आफत भी होगी। पैदल लाइन पार करके दूसरी तरफ जाने वाले लोगों को अंडरपास से होकर लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता है। यहां से बुजुर्गों को परेशानी होती है। बुजुर्गों को रेलवे लाइन पार करने के दौरान हादसा होने का डर रहता है। बुजुर्गों, राहगीरों ने रेलवे लाइन पर फुटओवर ब्रिज बनाने की मांग की है, ताकि लाइन के दूसरी तरफ जाने वाले राहगीरों को लंबा चक्कर न काटना पड़े।
यहां पर अंडरपास के ऊपर शेड भी लगाने की मांग की है, क्योंकि बारिश के बाद अंडरपास में जलभराव होने की स्थिति में यहां से आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। उचाना कलां, लितानी रोड अंडरपास पर पानी भरने के बाद लाइन के पार आने-जाने का संपर्क टूट सकता है। ऐसे में दोनों अंडरपास पर शेड लगाने की मांग भी की है। रात को यहां से आने-जाने वालों को परेशानी न हो इसके लिए स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है।
इमरजेंसी में हो सकती है परेशानी
राजबीर, धर्मबीर, सुरेश ने कहा कि लितानी रोड के दोनों तरफ के रास्ते प्रमुख है। हिसार, बरवाला, नरवाना, जींद सहित अन्य जगहों पर जाने के लिए इस रोड से वाहन चालक आते-जाते है। बारिश के समय यहां जलभराव होने की स्थिति में इमरजेंसी में किसी को लेकर जाने में परेशानी हो सकती है। इमरजेंसी में परेशानी न हो इसके लिए फाटक के दोनों तरफ दीवार नहीं बनानी चाहिए थी। यहां पर इमरजेंसी में फाटक खोलने का प्रावधान होना चाहिए था।
अंडरपास पर शेड को लेकर रेलवे को लिखेंगे
नपा प्रधान विकास काला ने कहा कि दोनों अंडरपास पर शेड बनाए जाने के लिए रेलवे को नपा पत्र लिखेगी। रेलवे लाइन पर फाटक के पास फुटओवर ब्रिज की मांग लोग कर रहे है ताकि राहगीरों को लाइन के दूसरी तरफ आने-जाने में लंबा चक्कर न काटना पड़े। इसको लेकर भी पत्र नपा लिख कर मांग करेंगे। अंडरपास के अंदर पुख्ता पानी निकासी एवं लाइट लगाने के लिए भी पत्र में लिखा जाएगा।
04जेएनडी13-अंडरपास शुरू होने के बाद गुजरते हुए वाहन चालक। संवाद