02जेएनडी08 : ई रिक्शा के आगे रिफ्लेक्टर लगाते हुए हेड कांस्टेबल भीम सिंह। संवाद
नरवाना। सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस टीम ने शहर के विश्वकर्मा चौक, बस स्टैंड और लघु सचिवालय के पास वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और सड़क सुरक्षा से जुड़ी जानकारी दी।
अभियान के तहत हेड कांस्टेबल भीम सिंह ने बताया कि कई वाहन चालक अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं लगाते, जिससे रात या धुंध के समय हादसों की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए रिफ्लेक्टर बहुत जरूरी हैं क्योंकि ये अंधेरे में वाहनों की पहचान को आसान बनाते हैं।
इसी के तहत पुलिस ने जिन वाहनों पर रिफ्लेक्टर नहीं लगे थे उनके आगे और पीछे रिफ्लेक्टर चिपकाए। इस दौरान हेड कांस्टेबल भीम सिंह ने ट्रैक्टर ले जा रहे एक किसान को रोका। उन्होंने उसे समझाया कि वह अपने ट्रैक्टर के आगे और पीछे दोनों तरफ रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाए ताकि दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
उन्होंने कहा कि अब सर्दी का मौसम शुरू हो गया है और धुंध के कारण दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में रिफ्लेक्टर सड़क पर चलने वाले वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने सैकड़ों वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाए और चालकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां बड़े हादसों को रोक सकती हैं। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों में विजय संधू, कमलदीप, बलदेव व सलिंदर मौजूद रहे।