मेन बाजार में प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : bureau
कस्बे के मेन बाजार में इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी सुरेंद्र गुप्ता की गोली मारकर हत्या करने के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। व्यापारी इकठ्ठे होकर थाने में पहुंचे और जमकर हंगामा किया। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट व्यापारियों ने जींद-रोहतक मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और थाना प्रभारी रामनिवास ने तीन दिन में बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद ही व्यापारियों ने जाम खोला। व्यापारियों ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इस दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की तो वह आंदोलन को तेज कर देंगे। आधा घंटे तक मार्ग जाम रहने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक व्यापारी के भाई कमलेश की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार लोगों के खिलाफ हत्या व शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मार्ग जाम कर रहे व्यापारियों का कहना है कि जुलाना में आए दिन बदमाश व्यापारियों को अपना निशाना बना रहे हैं, लेकिन पुलिस इन घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। वारदात बढ़ने के कारण व्यापारियों में भय का माहौल बना हुआ है। इसलिए व्यापारी सुरेंद्र गुप्ता की हत्या करने वाले बदमाशों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। हंगामा कर रहे व्यापारियों ने बताया कि वार्ड 10 निवासी सुरेंद्र गुप्ता ने जुलाना में थाना के पास ही मेन बाजार में गुप्ता इलेक्ट्रानिक्स की दुकान की हुई है। बृहस्पतिवार देर शाम सुरेंद्र गुप्ता अपनी दुकान को बढ़ा कर पैदल ही दुकान से थोड़ी दूर पर स्थित अपने घर पर जा रहा था। जब वह अपने घर के पास पहुंचा तो बाइक पर सवार दो युवकों ने सुरेंद्र पर फायरिंग कर दी। बदमाशों ने सुरेंद्र पर तीन फायर किए। एक गोली सुरेंद्र की कमर में जा लगी। गोली लगने से सुरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल सुरेंद्र को पीजीआई रोहतक में दाखिल करवाया। पीजीआई में डॉक्टरों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और बाइक सवारों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार को पुलिस ने पीजीआई रोहतक में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
दुकानदारों ने किया प्रदर्शन, प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
जुलाना थाने से थोड़ी ही दूरी पर गोली मारकर व्यापारी सुरेंद्र की हत्या करने से नाराज दुकानदारों ने शुक्रवार को अपनी दुकान बंद रखी और कस्बे में प्रदर्शन किया तथा प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। शुक्रवार सुबह काफी संख्या में दुकानदार व कस्बे लोग जुलाना थाना परिसर में पहुंचे। यहां पर लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस के आश्वासन से न खुश लोग मेन बाजार से होते हुए प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जींद-रोहतक मार्ग की और चले गए और जाम लगा दिया। लगभग आधा घंटे मार्ग जाम रहने के बाद दुकानदारों ने मार्ग को खोल दिया।
एसपी व डीएसपी जांच करने के लिए पहुंचे मौके पर
व्यापारी को गोली मारने की सूचना पाकर एसपी राजेंद्र मीणा व डीएसपी बीरेंद्र सांगवान मामले की जांच पकड़ने के लिए मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक सुरेन्द्र के चाचा कमलेश की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाना के व्यापारी सुरेंद्र की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी करके जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
- रामनिवास थाना प्रभारी जुलाना।