औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में चार मेरिट लिस्ट लगने के बाद भी सीटें खाली बची हैं। इन सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला देने के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा पांचवीं मेरिट लिस्ट के लिए शेड्यूल जारी किया है।
नए शेड्यूल के अनुसार सभी सीटें सामान्य श्रेणी में उपलब्ध होंगी व किसी भी प्रकार का आरक्षण लागू नहीं होगा। इस दाखिला चरण में केवल ऐसे प्रार्थियों को शामिल किया जाएगा, जो दाखिला पोर्टल पर भरे गए आवेदन को इस चरण में शामिल करने के लिए अपनी सहमति दर्ज करवाते हुए जमा करवाएंगे अथवा ऐसे प्रार्थी जिन्हें पिछले चार चरणों में अभी तक कोई भी सीट अलाट नहीं हुई है। तीन अक्टूबर को पांचवीं मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद विद्यार्थियों की दस्तावेज की जांच आईटीआई संस्थान में छह अक्टूबर तक चलेगी। कैथल रोड स्थित राजकीय आईटीआई के प्राचार्य अनिल कुमार गोयल ने कहा कि उनकी आईटीआई में विभिन्न 25 ट्रेड में निर्धारित 896 सीटों में से 719 सीटों पर दाखिला हो चुका है। वहीं आईटीआई में इस समय 177 सीट खाली बची हुई हैं। खाली सीटों के लिए विभाग द्वारा पांचवीं मेरिट लिस्ट का शेड्यूल जारी किया गया है। ऐसे में विद्यार्थी निर्धारित समय में आवेदन कर अपना दाखिला सुनिश्चित करें।