फोटो 16जेएनडी07-रेलवे जंक्शन नरवाना, जिसका 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे
नरवाना। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशन का कायाकल्प पूरा हो चुका है। करीब 25 करोड़ रुपये से तैयार हुए आधुनिक रेलवे स्टेशन का आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उद्घाटन करेंगे। आधुनिक डिजाइन और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह स्टेशन अब यात्रियों को एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं का अनुभव करा रहा है।
नवीनीकरण के बाद स्टेशन भवन पूरी तरह आधुनिक रूप में नजर आ रहा है। मुख्य प्रवेश द्वार, टिकट हॉल, एसी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। स्टेशन पर वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आधुनिक टिकट हॉल, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, हाईटेक लिफ्ट, सीसीटीवी निगरानी, एलईडी लाइटिंग, बायो-टॉयलेट और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पार्किंग, कैंटीन, हरित क्षेत्र और आरामदायक बैठने की व्यवस्था भी विकसित की गई है। दिव्यांग यात्रियों के लिए रैंप, अलग टिकट काउंटर और विशेष शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
योजना के अंतर्गत देशभर के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। हरियाणा के 15 प्रमुख रेलवे स्टेशन भी इस महत्वाकांक्षी योजना में शामिल हैं। आधुनिक स्वरूप में तैयार हुए रेलवे स्टेशन से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में उत्साह है। उनका मानना है कि स्टेशन का नया रूप नरवाना की पहचान को नई ऊंचाई देगा। बेहतर सुविधाओं से यात्रियों की आवाजाही बढ़ने के साथ शहर की व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।