किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान पर जिला प्रशासन ने पंजाब से लगते जिले के दातासिंह वाला बॉर्डर को पूरी तरह से सील कर दिया है। बॉर्डर पर बड़े-बड़े पत्थर रखकर रास्ते को बंद कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। अकेले सीमा पर आठ नाके लगाकर वहां पर दस डीएसपी और 600 जवानों की तैनाती की गई है। इतना ही नहीं आईआरबी की दो बटालियन को भी सीमा पर तैनात कर दिया गया है। बुधवार को कोई भी किसान सीमा पार करके जींद की सीमा में प्रवेश नहीं कर सका। पंजाब से हजारों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर किसान नेशनल हाईवे नंबर 352 पर स्थित दातासिंहवाला बॉर्डर पर ही रात बिताने को मजबूर हैं। पंजाब से ट्रैक्टर-ट्रालियों में भरकर आए किसानोें के ट्रैक्टरों की पांच किलोमीटर लंबी लाइन लग गई है। किसान भी पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हैं तो पुलिस भी उन्हें जींद की सीमा में प्रवेश नहीं करने दे रही है। डीसी तथा डीआईजी ने बुधवार को दोपहर बाद बॉर्डर का दौरा कर यहां तैनात पंजाब पुलिस से बात की और हालात का जायजा लिया।
बुधवार सुबह ही डीसी डॉ. आदित्य दहिया ने पुलिस तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों की लघु सचिवालय में बैठक ली। बैठक में साफ कहा गया कि पंजाब के किसी भी किसान को बॉर्डर पार करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जींद की सभी सीमाएं सील कर दी जाएं। उन्होंने बीएंडआर को रास्ता बंद करने, जनस्वास्थ्य विभाग को पानी की व्यवस्था करने तथा स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी खुद डीआईजी ओपी नरवाल के साथ दातासिंह वाला बॉर्डर पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। बॉर्डर पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है। बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। क्रेन की सहायता से बड़े-बड़े पत्थरों को बीच सड़क पर रख दिया गया है। वहीं बैरिकेड्स के साथ-साथ कंटीली तार भी लगाई गई हैं, ताकि किसान बैरिकेड्स को पार करने की हिम्मत न जुटा सकें।
बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए आईआरबी की दो बटालियन तैनात की गई हैं। वहीं रैपिड फोर्स को भी तैयार किया गया है। जिले मेें धारा-144 लागू होने के कारण शहर, सदर और गढ़ी थाना के अंतर्गत ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है। एसडीएम सुमित सिहाग और डीएसपी ताहिर हुसैन के साथ नरवाना व उझाना ब्लॉक के बीडीपीओ को भी बॉर्डर पर तैनात किया गया है।
डीआईजी और डीसी ने बॉर्डर का किया दौरा
दिल्ली-पटियाला हाईवे नंबर 352 पर दातासिंहवाला बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीसी डॉ. आदित्य दहिया व डीआईजी ओपी नरवाल पहुंचे। उन्होनें बॉर्डर पर तैनात डीएसपी और एसडीएम से बातचीत की। अधिकारियों ने कहा कि सरकार की तरफ से पंजाब के किसानों को हरियाणा में घुसने से रोककर रखना है। अधिकारियों ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कोई भी किसान कानून हाथ में न लें। जो भी शांतिप्रिय कार्य कर रहा है, प्रशासन उसकी मदद कर रहा है। डीआईजी ओपी नरवाल ने कहा कि प्रशासन ने बॉर्डर पर 8 नाके लगाए हैं। चार लेयर बैरिकेडिंग की गई है। बॉर्डर पर 10 डीएसपी के साथ 600 जवानों को तैनात किया गया है।
पंजाब के एएसपी व एसडीएम ने की प्रशासन ने बातचीत
हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगाने पर पटियाला के एएसपी पलविंद्र सिंह तथा पातड़ा की एसडीएम पालिका अरोड़ा पहुंचीं और उन्होंने नरवाना के एसडीएम सुमित सिहाग और डीएसपी ताहिर हुसैन से बातचीत की। एएसपी पलविंद्र सिंह ने कहा कि उनका काम कानून व्यवस्था बनाए रखना है। उनकी हरियाणा के अधिकारियों के साथ मुलाकात केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हुई है।
जत्थेबंदी कर पहुंचेंगे दिल्ली
पंजाब के किसानों का कहना है कि उनके द्वारा 6 महीने का राशन इकट्ठा किया गया है। वह कृषि कानूनों के विरोध में हैं, इसलिए उन कानूनों को वापस करवाने के लिए दिल्ली जा रहे हैं। पंजाब के किसान जत्थेबंदी कर निकल चुके हैं, जोकि अलग-अलग जगहों से हरियाणा में प्रवेश कर दिल्ली पहुंचेंगे। हरियाणा प्रशासन ने उनको रोकने की कोशिश की तो वहीं धरना दिया जाएगा। भाकियू के प्रेस प्रवक्ता रामराजी ढुल ने कहा कि वह हर हाल में दिल्ली पहुंचेंगे। इसके लिए उन्हें अगर पुलिस की गोली भी खानी पड़ी तो वह तैयार हैं।
किसानों के लिए लंगर का विशेष प्रबंध
पंजाब-हरियाणा बार्डर पर बैठे किसानों के लिए लंगर का विशेष प्रबंध किया हुआ है। हालांकि बुधवार को ठंड ज्यादा थी और दोपहर बाद हलकी बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन किसान टस से मस नहीं हुए। भारतीय किसान यूनियन के सदस्य जियालाल, बलबीर सिंह व मनजीत सिंह ने कहा कि सरकार की तानाशाही सामने आ रही है।
11 से 1 बजे तक रोडवेज का चक्का जाम
रोडवेज तालमेल कमेटी आजाद सिंह गिल ने कहा कि वीरवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के समर्थन में रोडवेज में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक दो घंटे चक्का जाम रखा जाएगा। इसकी सूचना उन्होंने प्रशासन को दे दी है।
जींद में पंजाब बॉर्डर पर पहुंचा प्रशासनिक अमला व मौजूद लोग। संवाद- फोटो : Jind
दिल्ली कूच के लिए निकली पंजाब की महिलाएं। संवाद- फोटो : Jind
नेशनल हाईवे पर ही खाना बनाने की तैयारी करते पंजाब के किसान। संवाद- फोटो : Jind
बॉर्डर पर डटे किसानों से बात करते अधिकारी। संवाद- फोटो : Jind
दिल्ली कूच करने के लिए दातासिंह वाला बॉर्डर पर नारेबाजी करते पंजाब से पहुंचे किसान। संवाद- फोटो : Jind
जींद में पंजाब-हरियाणा सीमा पर पहुंचे डीसी और पुलिस अधिकारी। संवाद- फोटो : Jind
पंजाब-हरियाणा के दातासिंह वाला बॉर्डर पर पंजाब से आने वाले किसानों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ?- फोटो : Jind