फोटो 1 नरवाना। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए डॉ. विवेक गर्ग। स्रोत संस्थान।
नरवाना। सनातन धर्म महिला महाविद्यालय के सभागार में बुधवार को कॅरिअर काउंसिलिंग एवं प्लेसमेंट सेल की ओर से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कैथल के एमडी मनोचिकित्सक डॉ. विवेक गर्ग ने छात्राओं को मानसिक तनाव के कारणों और उससे निपटने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. अंजना लोहान ने की, जबकि मंच संचालन डॉ. शालू गर्ग ने किया। डॉ. विवेक गर्ग ने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में तनाव बढ़ रहा है। बच्चों में चिड़चिड़ापन, उदासी और सोशल मीडिया पर बढ़ती निर्भरता चिंता का विषय है। स्क्रीन पर अधिक समय बिताना भी मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है।
तनाव से बचने के लिए ध्यान, योग और साधना को दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा अत्यधिक तनाव में हो या आत्महत्या जैसे विचार मन में आएं तो उसे सबसे पहले माता-पिता, फिर अध्यापकों और जरूरत पड़ने पर मनोचिकित्सक से बात करनी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. अंजना लोहान ने डॉ. विवेक गर्ग और मानव मित्र मंडल संस्था का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन और एआई पर निर्भरता कम करके तनाव से बचा जा सकता है। इस अवसर पर मानव मित्र मंडल के संरक्षक दिनेश गोयल, वरिष्ठ सदस्य करमचंद मित्तल सहित कॉलेज स्टाफ के सदस्य मौजूद रहे।