जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय जींद। संवाद
- फोटो : Jind
पेयजल और सीवर के बिल पर बकाया एरियर की छूट का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं के पास वैसे तो चार दिन हैं, लेकिन तीन दिन छुट्टी होने के कारण उनके पास केवल दो दिन का समय बचा है। उपभोक्ता जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंच कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
जींद शहरी क्षेत्र में पानी और सीवर के 30 हजार से अधिक कनेक्शन हैं। इसमें 18541 पानी और 20915 सीवर के कनेक्शन हैं। लगभग दो हजार पानी और चार हजार सीवर के कनेक्शन अवैध रूप से चल रहे हैं। जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी के एरियर पर 25 प्रतिशत छूट दे रहा है। बिल भुगतान पोर्टल की खामी दूर नहीं होने कारण उपभोक्ता इस छूट का लाभ नहीं ले सके थे। बाद में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बिल भुगतान पोर्टल की खामी को दूर कर छूट का लाभ देने शुरू कर दिया। जनस्वास्थ्य विभाग के अनुसार छूट केवल 31 मार्च तक है। इस छूट का पत्र जनवरी में ही जारी कर दिया गया था, लेकिन बिल भुगतान में छूट का विकल्प नहीं खुला तो अधिक लोग इसका लाभ नहीं ले सके।
केवल एक ही दिन बचा शेष
शहरी निकाय निदेशालय की तरफ से जारी पत्र के अनुसार उपभोक्ता इसका लाभ 31 मार्च तक ले सकते हैं। रविवार को छुट्टी है तो सोमवार को होली का त्योहार। ऐसे में उपभोक्ता मंगलवार और बुधवार को कार्यालय पहुंच कर इस छूट का लाभ ले सकते हैं। एक मार्च से 26 मार्च तक 2577 उपभोक्ता 19 लाख 97 हजार 571 रुपये बिल के रूप में जमा करवा चुके हैं। इसमें उपभोक्ताओं का हाल का बिल भी शामिल है।
छूट योजना को बढ़ाए जाने के लिए नहीं कोई निर्देश
बिलों के एरियर पर 31 मार्च तक छूट है। इसे लेकर पोर्टल अपडेट है। जो उपभोक्ता इस छूट का लाभ लेने से वंचित रह गए हैं वह मंगलवार को आकर इसका लाभ ले सकते हैं। अभी तक इस छूट को बढ़ाए जाने के लिए कोई दिशा-निर्देश नहीं आया है।
सतीश नैन, एसडीओ, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग जींद।