को-ऑपरेटिव बैंक के ताले व दीवार तोड़कर व तिजोरी को कटर से काटकर 12 लाख 88 हजार रुपये चोरी करने के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा तीन टीमें गठित की गई हैं। जुलाना थाना प्रभारी, सीआईए व डिटेक्टिव स्टाफ की टीम चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। जुलाना क्षेत्र में बैंकों की सुरक्षा तीसरी आंख के ही भरोसे है। बैंकों के पास दिन में सुरक्षा गार्ड तो हैं मगर रात में देखभाल के लिए कोई नहीं होता है।
28 या 29 सितंबर को चार ताले व दो दीवार तोड़ने के बात चोरों ने बैंक की तिजोरी को काटकर जुलाना में देवरड़ रोड पर स्थित को ऑपरेटिव बैंक से 12 लाख 88 हजार 197 रुपये चोरी कर लिए थे। यह बैंक जुलाना की पुरानी अनाज मंडी से 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। चोरों ने बैंक की दूसरी मंजिल से दीवार में लगी सीमेंट की जाली को तोड़कर प्रवेश किया और सीढ़ियों से नीचे आए। इसके बाद स्ट्रांग रूम की दीवार को तोड़कर प्रवेश कर नकदी चोरी कर ली। जुलाना थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस जल्द ही चोरों का पता लगा लेगी।