डिटेक्टिव टीम ने गुुप्त सूचना मिलने पर सफीदों बाईपास के नजदीक कार सवार तीन युवकों वीरेंद्र, दिलावर व नरेंद्र गांव खेड़ी तलोडा को पकड़ कर उनसे 9 किलो 20 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।
डिटेक्टिव स्टाफ टीम इंचार्ज इंस्पेक्टर सतबीर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि सफीदों के एक निजी होटल के पास कार सवार कुछ युवक अवैध नशीला पदार्थ लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस टीम पहुंची और कार की तलाशी ली। कार में कट्टों में भरी 9 किलो 20 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने कार में सवार तीनों आरोपियों वीरेंद्र, दिलावर व नरेंद्र को काबू कर लिया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि वह चरस पानीपत से लेकर आए हैं। साथ ही जिस गाड़ी में वह पानीपत से चरस लेकर आएं हैं, उसका मालिक पाला गांव खेड़ी तलोडा निवासी है। यह चरस उसी को देनी थी। उसके बाद उसे कहीं और इसे बेचना था। पुलिस तीनों आरोपियों को सोमवार अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी ताकि पूरे मामले की तह तक पहुंचा जा सके।