जींद। सदर थाना पुलिस ने तीन महिलाओं ने दो युवकों को यौन उत्पीड़न के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर दो लाख रुपये हड़पे लिए।आरोपी महिलाओं ने 30 लाख रुपये ऐंठने का प्रयास किया। पुलिस ने मामले में तीनों महिलाओं के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहतक रोड पर स्माइल ट्रेडर्स के नाम से ट्रक स्पेयर पार्ट्स और हार्डवेयर का व्यापार करने वाले हबीब ने एफआईआर में बताया कि मोनू उनकी दुकान पर काम करता है। चार महीने पहले मोनू के कहने पर निशा नाम की लड़की को अकाउंट में नौकरी पर रखा था। शुरुआत में उसका व्यवहार और काम ठीक था लेकिन धीरे-धीरे उसने मोनू को अपने झांसे में ले लिया।
निशा मोनू को कहने लगी कि उसका पति जेल में है और उसकी एक बेटी है जिसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी उसी पर है। वह मोनू के साथ नजदीकियां बढ़ाने लगी। इसके बाद उसने अलग-अलग बहानों से दो लाख रुपये ले लिए और जब पैसे वापस मांगे गए तो यौन उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराने की धमकी देने लगी।
इसके बाद निशा के साथ मंजीत और गोगल नाम की दो अन्य महिलाएं भी शामिल हो गईं। 20 जून को तीन लाख रुपये की मांग की। इन्कार पर 24 जून को मोनू को नए बस स्टैंड के पास बुलाकर महिला की बेटी के नाम दस लाख रुपये कराने को कहा। बाद में दुकान मालिक से दुकान पर उसे नौकरी पर रखने और कुल 30 लाख रुपये की मांग की गई और धमकी दी गई कि ऐसा न करने पर यौन उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। मोनू ने ये सारी बातें अपने फोन में रिकॉर्ड कर लीं।