संवाद न्यूज़ एजेंसी
बादली। पांच दिवसीय ओपन फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन बादली फुटबॉल सोसाइटी, वजीरपुर और भिवानी की टीम ने अगले चरण में जगह बनाई। बहादुरगढ़ गवर्नमेंट स्कूल बादली और बाबा सारंगदेव की टीम मैच हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
फुटबॉल सोसाइटी की ओर से विजेता टीम को एक लाख और उपविजेता को 71 हजार रुपए देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता के तीसरे दिन मुख्यातिथि के तौर पर अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी योगेंद्र गुलिया और रिलायंस फाउंडेशन की ओर से लोकेश कापसी व नीरज ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
रोमांचक मुकाबले में पहला मैच बादली फुटबॉल सोसाइटी और माजरा के बीच खेला गया जिसमें माजरा की टीम कोई गोल नहीं कर सकी जबकि बादली की तरफ से एक गोल दाग कर मैच को अपने पक्ष में किया गया। बहादुरगढ़ और वजीरपुर के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला जिसमें वजीरपुर की टीम ने दनादन 4 गोल दागकर मैच में बढ़त बना ली।
वही बहादुरगढ़ की तरफ से दो गोल किए जा सके। चुली बगड़ियान ने बादली गवर्नमेंट स्कूल को 3 गोल से हराया और बादली स्कूल की तरफ से कोई गोल नहीं किया जा सका। भिवानी टीम के खिलाड़ियों ने बाबा सारंगदेव को कोई गोल करने का मौका नहीं दिया जबकि भिवानी ने तीन गोल से मैच अपने पक्ष में कर लिया।
बादली फुटबॉल अकादमी ने दिल्ली की घेवरा टीम पर दनादन 6 गोल दागकर जीत हासिल की। वहीं घेवरा की टीम मात्र एक गोल कर सकी। गढ़ी हरसरू और बादली नर्सरी के बीच मैच में शुरू से ही गढ़ी हरसरू की टीम गोल दागकर बढ़त में रही और मैच को तीन गोल से अपने पक्ष में किया।
सिवाह पानीपत ने गवर्नमेंट स्कूल बादली को 3 गोल से हराया। दुल्हेड़ा ने बादली हाई स्कूल को हराकर अगले पड़ाव में स्थान बनाया।
इस अवसर पर गांव बादली के सरपंच आनंद गुलिया, झज्जर फुटबॉल संघ के सचिव अशोक गुलिया, बादली फुटबॉल सोसाइटी के प्रधान विकी गुलिया, अरविंद एडवोकेट, रामभक्त ठेकेदार, मुख्तयार सिंह, मुकेश दलाल, संदीप हिसार आदि मौजूद रहे।