नागरिक अस्पताल में घायल राजकुमार से पूछताछ करतीं डीएसपी पुष्पा खत्री।
- फोटो : Jind
जींद। रोहतक रोड स्थित भाई की कबाड़ी की दुकान पर गए रामनगर निवासी प्राध्यापक राजकुमार के पैर पर अज्ञात तीन बदमाशों ने गोली मारकर 40 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग लूट लिया। घटना को अंजाम देकर तीनों बाइक सवार जुलाना की तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घायल पीड़ित को आसपास के लोेगों ने नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है।
रामनगर निवासी प्राध्यापक राजकुमार ने बताया कि वह शामलों कलां गांव में प्राध्यापक के तौर पर कार्यरत है। उसके भाई सुरेंद्र की रोहतक रोड पर अनाज मंडी के सामने कबाड़ी की दुकान है। वह प्रतिदिन सायं के समय भाई की दुकान पर जाता है। बुधवार को उसका भाई दुकान से बाहर किसी काम के लिए गया हुआ था। जब वह कामकाज निपटाकर दुकान शटर बंद करके जाने लगा तो उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए और आते ही दो युवकों ने उसकी तरफ कट्टा तान लिया। उन्होंने उनको पैसे देने की बात कहते हुए गोली चलाने से मना किया। इसके बावजूद भी उन्होंने उसकी पैर पर गोली मार दी। इसमें वह तीनों उसके हाथ से 40 हजार रुपये की नकदी से भरा बैग लूटकर जुलाना की तरफ फरार हो गए। आसपास के लोगों की सहायता से घायल राजकुमार को शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर डीएसपी पुष्पा खत्री, शहर थाना प्रभारी डॉ. सुनील कुमार और सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम मौके पर पहुंचे और घायल के बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।