संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सीआईए सफीदों की टीम ने बाइक चोर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 10 बाइक बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सफीदों हलका के गांव कारखाना निवासी विजय उर्फ भिष्मा व राहुल और तेलीखेड़ा गांव निवासी सुखविंदर उर्फ सीटू कबाड़ी के रूप में हुई है। ये आरोपी हरियाणा के शहरों के साथ-साथ उत्तरप्रदेश से भी बाइक चोरी करते थे।
सफीदों सीआईए प्रभारी एएसआई कमल सिंह ने बताया कि छह अक्तूबर को अपराध शाखा सफीदों की टीम हाट रोड सफीदों पर मौजूद थी। इस दौरान सूचना मिली कि बाइक चोर गिरोह के दो सदस्य शहर सफीदों और आसपास के एरिया में सक्रिय हैं और दोनों सफीदों में बाइक चोरी करने के लिए आ रहे हैं। इसके बाद उनकी टीम ने दो संदिग्ध युवकों को बाइक सहित काबू किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सफीदों हलका के गांव कारखाना निवासी विजय उर्फ भिष्मा और राहुल तथा तेलीखेड़ा गांव निवासी सुखविंदर उर्फ सीटू कबाड़ी के तौर पर बताई। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बाइक भी बरामद की जो कि सितंबर 2023 में विकास नगर शहर पानीपत से चोरी होनी पाई गई। आरोपी विजय उर्फ भिष्मा और राहुल ने गांव बहादुरगढ़ से बजाज प्लेटिना सहित सफीदों, जींद शहर, पानीपत और मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश से चोरी की 10 वारदातें कबूल कीं। जांच के दौरान आरोपी विजय और राहुल की निशानदेही पर सुखविंदर उर्फ सीटू कबाड़ी वासी तेलीखेड़ा हाल शिवपुरी कॉलोनी नरवाना रोड जींद को उसके घर से गिरफ्तार कर गांव बहादुरगढ़ से चोरी की बाइक बरामद की। उचाना थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल भेज दिया है।