पत्रकारवार्ता में जानकारी देते एएसपी नीतिश अग्रवाल।
- फोटो : Jind
जींद। भिवानी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से 14 अक्तूबर की रात को बदमाशों ने 42300 रुपये और सेल्समैन का मोबाइल लूट लिया था। इसके तीन आरोपियों को सीआईए ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसमें चौथे आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बीड़ बड़ावन निवासी गौरव डांगी ने बताया था कि उनका भिवानी रोड बाईपास पर पेट्रोल पंप है। 14 अक्तूबर की रात को लगभग एक बजे उसके पेट्रोल पंप पर दो बाइक पर सवार होकर छह युवक आए। जिनमें से तीन उसके कार्यालय में घुस गए और सेल्समैन पर पिस्तौल तानकर गल्ले में रखी 42300 रुपये की नकदी व सेल्समैन का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने पेट्रोल पंप से नकदी व मोबाइल लूटने में अज्ञात छह युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। सीआईए पुलिस ने जींद के खेम नगर निवासी दीपक उर्फ बनिया, धरौंदी निवासी मक्खन व रोहतक के शिवा को चौथे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस भिवानी निवासी चौथे आरोपी अजीत की तलाश कर रही है।
आरोपियों से बरामद हुए तीन पिस्तौल और चार कारतूस
एएसपी नीतिश अग्रवाल ने बताया कि सीआईए इंचार्ज अनूप सिंह के नेतृत्व में बनाई गई टीम ने पेट्रोल पंप पर लूट के तीन आरोपियों को 315 बोर की तीन पिस्तौल व चार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। इसमें भिवानी रोड के खेम नगर निवासी दीपक उर्फ बनिया से एक पिस्तौल 315 बोर, एक कारतूस, धरौंदी निवासी मक्खन से एक पिस्तौल 315 बोर व एक कारतूस, रोहतक के पहाड़ा मोहल्ला निवासी शिवा उर्फ मौंटी से एक पिस्तौल 315 बोर व दो कारतूस बरामद हुए हैं। एएसपी ने बताया कि फरार चल रहे चौथे आरोपी भिवानी निवासी अजीत की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।