एक महीने पहले पटियाला चौक पर युवक पर हुए तेजधार हथियार से हमले के तीन आरोपियों को सदर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कैथल रोड स्थित लक्ष्मी नगर निवासी देव चौहान, अंकित उर्फ गोलू और शाहपुर गांव के साहिल के रूप में हुई है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
30 सितंबर को शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में पटियाला चौक निवासी विशाल ने बताया था कि वह रात में लगभग नौ बजे घूमने के लिए पटियाला चौक की तरफ गया हुआ था। इस दौरान उसने देखा कि तीन युवक उसके दोस्त आशीष के साथ झगड़ा कर रहे हैं। जब वह बीच-बचाव करने के लिए गया तो एक लड़के ने उसके सिर में तेजधार हथियार से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद तीनों युवकों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। आसपास के लोगों ने उसे उपचार के लिए शहर के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया था। शहर थाना पुलिस ने इस मामले में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस जांच में लक्ष्मी नगर निवासी देव चौहान, अंकित उर्फ गोलू और शाहपुर गांव निवासी साहिल का नाम सामने आया था। एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।