एक मकान में चोरी के बाद बिखरा सामान। संवाद।
- फोटो : Jind
ओमनगर के एक मकान में रविवार दिन में और दूसरे मकान में रात को चोरों ने दस्तक दी। दोनों मकानों से चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। सूचना मिलने के बाद शहर थाना पुलिस ने मौके पर जाकर जांच शुरू की। पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस जिन मकानों में चोरी हुई है, उनके आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
ओमनगर निवासी प्रमोद ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि रविवार रात को वह अपने परिवार के साथ घर पर ही सोया हुआ था। सुबह जब वह उठे तो उन्हें घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। कमरे और अलमारी के ताले टूटे हुए मिले। प्रदीप ने कहा कि उसके घर से रात को चोर 40 हजार रुपये की नकदी, दो सोने की कानों की बालियों की जोड़ी, चांदी की दो जोड़ी पाजेब, चांदी के गिलास, चांदी के सिक्के चुरा ले गए। सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
वहीं ओमनगर के ही एक अन्य मकान में रविवार दोपहर को अज्ञात लोग घर से 50 हजार रुपये की नकदी, छह तोले सोने के जेवरात और 400 ग्राम चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में नवाज ने कहा कि रविवार को उसका पूरा परिवार एक शादी समारोह में गए हुए थे। जब वह दोपहर तीन बजे वापस लौटे तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। नवाज ने कहा कि चोर उसके घर से छह तोले की गले की तबीजी, 250 ग्राम की पाजेब, आधा तोले की कान की बाली और 50 हजार रुपये की नकदी चुरा ले गए।
वर्जन--
पुलिस ने अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मकानों की आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके अलावा शहर की कॉलोनियों में दिन व रात के समय पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।
-डॉ. सुनील कुमार, शहर थाना प्रभारी।