संवाद न्यूज एजेंसी
सफीदो। सीआईए सफीदों की टीम ने एलोपैथ व नशीली दवाओं को पीसकर होम्योपैथिक दवा में मिलाकर पाउडर तैयार करने के मामले में एक आरोपी को पकड़ा है।
गश्त के दौरान सीआईए सफीदों को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर 12 असंध (करनाल) का तेजबीर एलोपैथिक व नशीली दवाओं को पिसकर उसे होम्योपैथिक दवा में मिलाकर पाउडर तैयार करता है। उसकी सप्लाई भी करता है। गांव पाजू कलां में अपने किसी रिश्तेदार के मकान पर उसका स्टाक रखा है। इसके बाद टीम ने छापा मारा। पुलिस ने पाजू कलां गांव के ऋषि पाल के पशुबाड़े के अंदर जाकर देखा तो कमरे में एक व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टों में हाथ मार रहा है। चार गत्ता पेटियों अग्रेजी दवा और बॉडी ग्रो पाउडर की रखी हुई मिली। टीम ने वहां पर मिले व्यक्ति को काबू करके उससे पूछताछ की तो उसने अपना नाम तेजबीर निवासी वार्ड नंबर 12 विकास कालोनी असंध (करनाल) बताया।
मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एईटीओ राजदीप भाटिया को बुलाया गया। वहीं फूड सेफ्टी आफिसर डॉ. गौरव, जिला ड्रग कंट्रोलर विजय राजे व आयुर्वेदिक अधिकारी सफीदों डॉ. कृष्ण मौके पर पहुंचे। सीआईए व डाॅक्टरों की टीम ने वहां की जांच की तो वहां से बॉडी ग्रो पाउडर के कुल 267 डब्बे मिले। ताकत, सहनशक्ति के लिए बॉडी ग्रो पाउडर, चॉकलेट पाउडर के 263 डब्बे मिले। पुलिस ने प्लास्टिक के कट्टों में दवाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए एफएसएल की मधुबन लैब भेज दिया। सफीदों थाना पुलिस ने तेजबीर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।