पिछले दो वर्ष से जल संकट का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहले जलघरों में बरसोला माइनर से पानी आता था जिससे पेयजल का संकट बना रहता था। अब भाखड़ा नहर के पानी से 17 गांवों के लोगों की प्यास बुझाई जाएगी। इस पर 49 करोड़ रुपये की लागत आएगी और कसूहन, कालता, भौंसला, धनखड़ी के साथ करसिंधु आदि गांवों में पेयजल संकट का स्थायी समाधान हो जाएगा। ये बातें सोमवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जींद के भौंसला गांव में जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं।
उपमुख्यमंत्री ने सोमवार को उचाना विधानसभा क्षेत्र के दस गांवों का दौरा किया। वे कसूहन गांव से दौरा की शुरुआत करते हुए कालता, भौंसला, रोजखेड़ा, पालवां, खरकभूरा, घसो खुर्द, घसो कलां, मखंड, भौंगरा गांव में भी गए। काकड़ोद, घोघड़िया गांव में कार्यकर्ताओं के यहां शोक प्रकट करने भी पहुंचे।
भौंसला गांव में दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अब किसी को पीला राशन कार्ड बनवाने के लिए चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। एक लाख 80 हजार रुपये से सालाना कम आय होने वाले परिवार का पीला राशन कार्ड बनेगा। पीले राशन कार्डों की संख्या बढ़ी है। पेंशन भी निर्धारित की गई उम्र होने के बाद अपने आप बन जाएगी। गांवों में ई-लाईब्रेरी बनाई जा रही है। किसी भी गांव की पंचायत अपने गांव में ई-लाइब्रेरी बनवाना चाहती है तो उसके गांव में लाइब्रेरी बनाई जाएगी।
कहा कि जितनी सड़क उचाना में इन साढ़े तीन सालों में बनी हैं, उतनी सड़कें शायद देश की आजादी के बाद भी उचाना में नहीं बनी होंगी। उचाना को विकास के मामले में नंबर वन पर लेकर जाएंगे। विकास को लेकर धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उचाना हलका विकास के मामले में आने वाले दिनों में प्रदेश में नंबर वन पर होगा।
कसूहन गांव में बस की समस्या रखी गई है जिसे दूर किया जाएगा। उन्हाेंने कहा कि खटकड़ टोल को किसान आंदोलन के दौरान मेन प्वाइंट बनाया गया। देश में चाहे कुछ हो जाए धरना कहा शुरू होगा, खटकड़ टोल पर। खटकड़ टोल पर देवीलाल के नाम से बड़ा प्याऊ बनाया जाएगा, जिस पर पांच लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस मौके पर जगदीश सिहाग, जोरा डूमरखां, शमशेर नगूरां, पप्पू नगूरां, भलेराम श्योकंद, दिनेश चेयरमैन, अनिल शर्मा भी मौजूद रहे।
यह की गई घोषणाएं
उपमुख्यमंत्री ने कहसून गांव में कम्यूनिटी सेंटर, ई-लाइब्रेरी, जिम का सामान तथा कॉलेज तक रोडवेज बस शुरू करवाने, भौंसला गांव में कई गलियों को बनवाने, ई-लाईब्रेरी, ग्राम सचिवालय, कम्यूनिटी सेंटर, भौंसला से खटकड़ तक सड़क बनाने की घोषणा की। कहा कि पालवां गांव में खेतों को जाने वाले रास्ते पक्के होंगे, खरक बूरा गांव में लाइब्रेरी, कम्यूनिटी सेंटर, जलघर, स्कूल में कमरे, श्मशान घाट तक की गली पक्की बनवाई जाएगी और युवाओं को जिम का सामान उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने घसो गांव में ग्राम सचिवालय, गांव की गलियां तथा खेतों को जाने वाले रास्ते पक्के करवाने की घोषणा की।