उचाना। कुछ दिनों से धान 1121 के भाव में बढ़ोतरी के बाद अब ठहराव आ गया है। 4800 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास के भाव किसानों को अधिक से अधिक मिल रहे है। किसानों को भाव बढ़ने की उम्मीद थी जिसको लेकर अभी इंतजार करना पड़ेगा। मार्केट कमेटी सचिव संदीप कासनिया ने बताया कि इन दिनों 3961 कम से कम तो अधिक से अधिक 4800 रुपये प्रति क्विंटल तक के भाव 1121 धान के किसानों को मिल रहे है। कुछ दिनों से 4800 के आसपास के भाव किसानों को अधिक से अधिक मिल रहे है।
उन्होंने बताया कि इस बार आवक, भाव बीते साल से अधिक धान की फसलों के किसानों को मिल रहे है। इस बार बीते साल की अपेक्षा 29 प्रतिशत धान की आवक अधिक हुई है। पीआर धान सहित अन्य किस्मों की धान मिलाकर 688854 क्विंटल धान इस साल आ चुकी है। बीते साल इन दिनों 532823 क्विंटल धान आई थी। इस साल बीते साल की अपेक्षा 156031 क्विंटल धान अधिक आ चुकी है। संदीप कासनिया ने बताया कि आवक, भाव बढ़ने से मार्केट फीस में भी इजाफा हो रहा है। बीते साल की अपेक्षा मार्केट फीस सभी फसलों की मिलाकर 24 प्रतिशत अधिक आई है। इस साल अब तक 69482276 रुपये मार्केट फीस वसूली जा चुकी है। बीते साल इन दिनों 55947354 रुपये मार्केट फीस आई थी। इस साल बीते साल के मुकाबले 13534322 रुपये अधिक मार्केट फीस आई है।