नौकरी जाने से आहत एक युवक ने शनिवार दोपहर अर्बन एस्टेट पहुंचा और वहां रहने वाले सेवानिवृत्त एक बैंक मैनेजर को घर से बुलाकर गोली मारकर घायल कर दिया।
गोली उनके बाजू में जा धंसी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई कर दी। गोली चलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किया है। घायल बैंक मैनेजर को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। शहर थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर युवक के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार अर्बन एस्टेट निवासी सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर श्यामलाल के घर शनिवार दोपहर गांव शाहपुर निवासी धर्मबीर असलाह लेकर पहुंचा और श्यामलाल के घर की घंटी बजाई। घंटी की आवाज सुनकर श्यामलाल बाहर आए तो युवक ने उन पर गोली दाग दी। गोली उनके बाजू में लगी। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर आए और युवक धर्मबीर को मौके पर पकड़ लिया। परिजनों और आसपास के लोगों ने आरोपी से असलाह छीनकर उसकी जमकर धुनाई कर दी और पुलिस को दे दी। पुलिस ने श्यामलाल की शिकायत पर गांव शाहपुर निवासी धर्मबीर के खिलाफ जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी।
नौकरी से निकालने से आहत था युवक
पुलिस के अनुसार गांव शाहपुर निवासी पिछले दिनों सीआर किसान कालेज में अनियमित तौर पर प्राध्यापक के पद पर लगा था, लेकिन बाद में संस्था द्वारा किन्हीं कारणों के चलते उसे नौकरी से निकाल दिया। नौकरी से निकलने के बाद धर्मबीर ने आरोप लगाया कि उसे जाट कालेज में अंग्रेजी विषय की प्राध्यापक मंजू कौशिक ने साजिश के तहत निकलवाया है। मंजू कौशिक गोली लगने से घायल हुए सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर श्यामलाल की पत्नी हैं। उसके बाद से धर्मबीर मंजू कौशिक और उसके परिवार से रंजिश रखने लगा था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने के इरादे से उनके घर में घुस गया, लेकिन श्यामलाल आगे आने से उस पर गोली दाग दी।
दो पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने आरोपी धर्मबीर के कब्जे से एक 315 बोर का देशी पिस्तौल, तीन कारतूस तथा 7.65 एमएम का एक पिस्तौल बरामद किया है। आरोपी ने घर में घुसते ही दोनों पिस्तौल बाहर निकालकर एक गोली श्यामलाल पर दाग दी, लेकिन गोली उसके बाजू में लगी और छाती पर गोली के छर्रे जा धंसे। दूसरी पिस्तौल से गोली दागने से पहले श्यामलाल के परिजनों ने उसे पकड़ लिया और पड़ोसियों की सहायता से उसकी जमकर धुनाई कर दी।
धमकी व आईटी एक्ट के तहत पहले भी जा चुका है जेल
गोली मारने के आरोपी धर्मबीर पर शहर थाना पुलिस ने श्यामलाल की पत्नी प्राध्यापक मंजू कौशिक की शिकायत पर गत 13 सितंबर को मोबाइल पर अभद्र भाषा में एसएमएस करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था। शिकायत में लिखा गया था कि गांव शाहपुर निवासी धर्मबीर अलग-अलग तीन नंबरों से उसे एसएमएस कर रहा है। जिसके कारण वह परेशान हो गई है। जब उसने एसएमएस भेजने वाले के नंबर पर फोन किया तो धर्मबीर ने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी धर्मबीर के खिलाफ आईटी एक्ट तथा धमकी देने का मामला दर्ज करके जेल भेज दिया था। जिसके बाद आरोपी जमानत पर चल रहा था।
जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज
शहर थाना प्रभारी साधुराम ने बताया कि गोली लगने से घायल हुए श्यामलाल की शिकायत पर जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी कुछ दिनों के लिए जाट कालेज में प्राध्यापक लगा था और बाद में किन्हीं कारणों के चलते नौकरी चली गई थी। उसने शक जाहिर किया था उसकी नौकरी श्यामलाल की पत्नी प्राध्यापक मंजू कौशिक ने हटवाई है। इसी रंजिश के चलते उसने श्यामलाल को गोली मार दी।