जुलाना। ब्राह्मणवास गांव के पास कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया था। घालय ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान बिहार के जिला लखीसराय के गांव किरणपुर के रहने वाले 33 वर्षीय दर्शन के रूप में हुई है। वह काफी समय से परिवार के साथ जुलाना में रहता था। जुलाना थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने का मामला दर्ज कर लिया है। हादसा 25 मई को हुआ था।
बिहार के लखीसराय जिले के किरणपुर गांव निवासी जतन कुमार ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने भाई दर्शन के साथ जुलाना के वार्ड नंबर-11 में रहते हैं। वह दोनों मजदूरी करते थे। 25 मई को उनका भाई दर्शन और सहेंद्र बाइक पर सवार होकर जुलाना से बाईपास की तरफ जा रहे थे। बाइक को दर्शन चला रहा था। जब वह बाईपास पर पहुंचा तो रोहतक की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए। चोट लगने की वजह से दोनों को नागरिक अस्पताल जुलाना लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। रविवार की सुबह दर्शन ने दम तोड़ दिया। सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।