11जेएनडी22: परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर। स्रोत प्रशासन
जींद। सीनियर सेकेंडरी की वार्षिक परीक्षाओं के दौरान बोर्ड उपाध्यक्ष सतीश शाहपुर ने वीरवार को कंप्यूटर विज्ञान, आईटी और आईटीईएस विषय की परीक्षा के दौरान राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल नगूरां समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
उपाध्यक्ष ने अपनी उपस्थिति में प्रश्न-पत्रों के बॉक्स खुलवाए और केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने नकल रहित परीक्षा करवाने को लेकर परीक्षार्थियों की चेकिंग की। उन्होंने केंद्र अधीक्षक और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा कक्षों के भीतर और बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्टाफ ईमानदारी से कर्तव्य निभाएं ताकि नकल मुक्त परीक्षा के संकल्प को धरातल पर लागू किया जा सके। आज की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से हुई। सघन तलाशी और सत्त निगरानी के बावजूद किसी भी परीक्षार्थी के विरुद्ध अनुचित साधन का कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। बोर्ड उपाध्यक्ष ने परीक्षा केंद्रों पर मौजूद स्टाफ की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
कहा कि भविष्य में होने वाली परीक्षाओं में भी इसी प्रकार की सतर्कता और पारदर्शिता बरती जाएगी ताकि मेधावी छात्रों के हितों की रक्षा की जा सके। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बरतने वाले अधिकारियों या कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।