नरवाना। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में मानसून सीजन और विकास कार्यों को लेकर नगर परिषद की हाउस बैठक में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर में विकास परियोजनाओं को समुचित तरीके से क्रियान्वयन करने के लिए नगर पार्षदों की सब कमेटियां गठित की जाए।
उन्होंने इनमें सफाई, भवन एवं वर्क्स, वित्त, हाउस टैक्स कलेक्शन और किराया वसूली के लिए अलग-अलग पांच सब कमेटियां होनी चाहिए। इनमें नगर परिषद अधिकारियों सहित चेयरपर्सन और नगर पार्षदों को शामिल किया जाए। कैबिनेट मंत्री ने इस दौरान नगर परिषद अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत एजेंडा को भी नगर पार्षदों की सर्व सहमति से पास करवाया।
इनमें शहर में करीब 15 किलोमीटर लंबे नाला की सफाई करवाना मुख्य रूप से शामिल है। इसके लिए करीब 24 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया गया है, जिसके तहत तीन ट्रैक्टर ट्राॅलियों और 30 अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई कार्य करवाया जाना है।
दूसरा शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं की टैगिंग कर समीपवर्ती गोशालाओं या नंदी शालाओं में छुड़वाने के लिए एजेंसी को टेंडर देना है। इसके अलावा रात्रि के दौरान सभी गलियों और डोर टू डोर सफाई करवाना और बकाया हाउस टैक्स और नगर परिषद की दुकानों या अन्य सार्वजनिक भवनों का किराया वसूली में भी तेजी लाना है।
इससे नगर परिषद की वित्तीय स्थिति सुधरेगी और विकास कार्य करवाने में मदद मिलेगी। बैठक में रखे सभी एजेंडों की मंजूरी पर कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में बैठक में आए सभी 23 नगर पार्षदों ने एक सुर में सर्व सहमति जाताई। बैठक में ईओ नगर परिषद रविंद्र कुमार, एक्सईएन सतीश गर्ग, सचिव नगर परिषद, एमई नगर परिषद सहित शहर के सभी 23 वार्डों के नगर पार्षद मौजूद रहे।
बाक्स
नरवाना नगर परिषद (नप) की हाउस बैठक के दौरान कमेटी को तोड़ने और नए सिरे से चुनाव करवाने को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी के साथ बैठक स्थल पर पहुंचा था। लेकिन बैठक के दौरान उठे विरोध और कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के हस्तक्षेप के चलते यह काम अधूरा रह गया।