21जेएनडी03: नागरिक अस्पताल के नए भवन के मुख्य गेट के सामने प्याऊ का निर्माण कार्य शुरू करते हुए
जींद। नागरिक अस्पताल में आने वाले लोगों को जल्द ही प्याऊ की सेवा उपलब्ध होगी। सति भाई सेवा समिति अस्पताल के नए भवन के पास ही प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें आरओ पानी की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे यहां आने वाले लोगों को ठंडे पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और दरवाजे के पास ही पानी उपलब्ध होगा।
प्याऊ निर्माण कार्य शुरू हो गया है। आगामी दो दिन में ढांचा तैयार हो जाएगा और फिर इसमें पानी की मोटर व आरओ सिस्टम इंस्टॉल होगा। इस प्याऊ को सति भाई सेवा समिति सदस्य खुद रुपये एकत्रित कर बनवा रहे हैं। समिति सदस्य कमल चुघ ने बताया कि प्याऊ के लिए बाहर से रुपये एकत्रित नहीं किए गए हैं। संस्था के जितने भी सदस्य हैं, उन्होंने इस प्याऊ के लिए अंश दिया है। प्याऊ के लिए फंड भी बाहर से न लेने का निर्णय लिया और स्वयं एकत्रित किया। फिलहाल समिति सदस्यों ने 35 हजार रुपये एकत्रित किए हैं।
1600 तक ही होती है ओपीडी
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 1600 तक की ओपीडी होती है। ओपीडी विंग नई बिल्डिंग में है। सबसे ज्यादा मरीज व तीमारदार जांच के लिए नई बिल्डिंग में ही पहुंचते हैं। बिल्डिंग के प्रथम तल पर आरओ सिस्टम लगा है, जबकि बिल्डिंग के प्रथम तल पर बाहर की तरफ आरओ लगा है, लेकिन मुख्य गेट के पास प्याऊ की आवश्यकता महसूस हो रही थी। दोनों ही जगह आरओ सिस्टम ऐसी जगह पर हैं, जहां पहुंचने में देरी लगती है। ऐसे में मुख्य दरवाजे के पास ही प्याऊ होने से हर किसी की नजर इस पर आसानी से जाती है।
अस्पताल कर्मचारी कमल चुघ व उनकी समिति सदस्यों की ओर से बहुत ही नेक काम किया जा रहा है। समिति ने प्याऊ के लिए अस्पताल प्रशासन को जगह देने की बात कही गई थी। इसे अस्पताल प्रशासन ने स्वीकार कर लिया और नई बिल्डिंग के मुख्य गेट के पास ही इस प्याऊ का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही यहां ठंडे पानी की व्यवस्था हो जाएगी। इससे अस्पताल में आने वाले लोगों को लाभ होगा।
-डॉ. राजेश भोला डिप्टी एमएस नागरिक अस्पताल जींद।