नरवाना। आदर्श युवा ग्राम पंचायत का जिलास्तरीय आयोजन आठ दिसंबर को होगा। इसमें उचाना ब्लॉक की ओर से पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बडनपुर की टीम प्रतिनिधित्व करेगी। बडनपुर विद्यालय की टीम ने खंडस्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर यह उपलब्धि अपने नाम की है।
प्राचार्य संजय चौधरी ने बताया कि 26 नवंबर को विद्यालय में आदर्श युवा ग्राम पंचायत गतिविधि आयोजित की गई थी जिसकी संपूर्ण तैयारी राजनीतिक विज्ञान प्रवक्ता अंजू नैन ने करवाई। कार्यक्रम का अवलोकन करने के लिए डाइट से प्रवक्ता विजय कुमार आब्जर्वर के रूप में पहुंचे थे। उन्होंने छात्रों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की प्राकृतिक अभिव्यक्ति और सटीक भूमिकाओं की विशेष सराहना की।
एक दिसंबर को घोषित परिणाम में बडनपुर विद्यालय की टीम को उचाना ब्लॉक में प्रथम स्थान मिला। प्रिंसिपल चौधरी ने कहा कि छात्रों ने गांव के सरपंच, डॉक्टर, ग्राम सचिव, जूनियर इंजीनियर और अन्य भूमिकाओं को इतने स्वाभाविक रूप से निभाया कि टीम ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।