संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अलेवा के बिघाना गांव में चिकित्सा सुविधा के लिए बनाया गया उप स्वास्थ्य केंद्र अब खुद मरम्मत के इंतजार में है। उप स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर बिल्डिंग की छत से प्लास्टर गिरने के कारण यहां आने वाले मरीजों को जोखिम उठाकर उपचार कराना पड़ रहा है।
ग्रामीण बलवान, राजेश, कृष्ण कुमार, मनोज, दीपक, रामपाल, राजबीर, दीपा और साहिल ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग जर्जर हालत में है। इसके आसपास चारदीवारी और गेट भी नहीं लगाए गए हैं। चारदीवारी न होने के कारण रात के समय आवारा पशुओं का यहां जमावड़ा लगा रहता है जिससे वातावरण असुरक्षित बना रहता है।
ग्रामीणों ने कहा कि कई बार इसकी खराब हालत और सुरक्षा संबंधी समस्या को लेकर सरकार व स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग का जल्द निर्माण एवं चारदीवारी व गेट का निर्माण किया जाए।
वर्जन
बिघाना गांव के उप स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर बिल्डिंग के मामले में स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखित में अवगत करा दिया है। नई बिल्डिंग के निर्माण कराने के मामले में उच्च अधिकारी ही जानकारी दे सकते हैं।
-डॉ. जितेंद्र शर्मा, एसएमओ, सीएचसी अलेवा