नरवाना। तहसील कार्यालय में चल रहा संयुक्त किसान मोर्चा का धरना सोमवार को 1321वें दिन भी जारी रहा। धरने की अगुवाई अखिल भारतीय किसान सभा हरियाणा के राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने की। उन्होंने बताया कि मंगलवार को भगत सिंह अध्ययन केंद्र में जिला की कार्यकारिणी की बैठक बुलाई गई है जिसमें कार्यक्रमों की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसान सभा की राज्य कमेटी की बैठक में किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। सरकार से लंबित मांगों को तुरंत पूरा करने की अपील दोहराई गई है। मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि भारी बारिश, जलभराव और बाढ़ की वजह से खरीफ सीजन में धान, बाजरा और गन्ना सहित लाखों एकड़ फसल पूरी तरह तबाह हो गई थी।
विज्ञापन
किसानों ने सरकार के क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान दर्ज करवाया हुआ है और सरकारी आंकड़ों में 31 लाख एकड़ फसल बर्बाद बताई गई है। बावजूद इसके आज तक किसानों को मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार वेरिफिकेशन के नाम पर सरकार मुआवजा रोक रही है जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति बद से बदतर हो गई है।
बलबीर सिंह ने कहा कि एमएसपी पर खरीद न करके किसानों के साथ लूट की गई और घोटाले में शामिल बड़े अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। केवल छोटे कर्मचारियों को बलि का बकरा बनाया जा रहा है। किसान सभा इन मुद्दों को लेकर बड़े पैमाने पर आंदोलन जारी रखेगी।