संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। एससी समाज एकता मंच की बैठक बुधवार को रानी तालाब आंबेडकर चौक पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि रोहतक रोड बाईपास पर चौक के बीच में ही संत कबीर चौक बनाया जाएगा।
संत कबीर की प्रतिमा चौराहे के बीच में लगवाने के लिए धानक समाज की संत कबीर सेवा संघ, कबीर आश्रम, धर्मशाला रामराय गेट, संत कबीर महासभा जींद, संत शिरोमणि कबीर साहेब ट्रस्ट पिल्लूखेड़ा संस्था के पदाधिकारियों ने संस्था के लेटरपैड पर लिख कर दिया है कि चौक चौराहे के बीच में बनाया जाए। इस दौरान लोगों ने जींद के विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 29 सितंबर को अनुसूचित जाति के लोग शहर में प्रदर्शन करेंगे। विधायक की शह पर समाज के लोगों पर एफआईआर भी दर्ज की गई है। एससी समाज एकता मंच के धर्म पाल सिंहमार ने कहा कि 29 सितंबर को अनुसूचित जाति के लोगों द्वारा शहर में प्रदर्शन किया जाएगा।
कमल चौहान ने कहा कि देखते हैं कि जींद के विधायक आखिर कब तक अनुसूचित जाति के लोगों की अनदेखी करते हैं। आने वाले चुनाव में तीनों समाजों के लोग इन्हें राजनीति से बाहर का रास्ता दिखा देंगे। इस मौके पर सतबीर लाडवाल, ओम नारायण पटवारी, सुल्तान सिंह खटक, वजीर मेहरा, कर्मबीर रंगा, कंवर सिंह इंदौरा, आदि मौजूद थे।