30जेएनडी32: शिकायत की प्रति दिखाते हुए दुकानदार विकास सिंघल। संवाद
सफीदों। रेलवे रोड के दुकानदारों ने शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, विधायक रामकुमार गौतम, मुख्य सचिव हरियाणा, डीसी, एसडीएम सफीदों व पालिका सचिव सफीदों को पत्र लिखकर सड़क को सीमेंटिड ब्लाक से बनवाने की गुहार लगाई है। पत्र में दुकानदार विकास सिंघल, सुनील जैन, गौरव कुमार, कृष्ण, राजेंद्र, नरेंद्र, राजेश कुमार, विजय कुमार, बिजेंद्र, साहिल गोयल ने कहा कि नगरपालिका सफीदों नहर पुल से रेलवे स्टेशन तक की सड़क तारकोल की बनाने जा रही है। पहले भी यह सड़क तारकोल की बनाई गई थी, लेकिन वह कुछ ही समय पकड़ पाई।
उन्होंने कहा कि सड़क लेवल नीचे होने के कारण बरसात के मौसम में यहां जलभराव हो जाता है। इसके कारण यह सड़क बार-बार टूट जाती है। जलभराव के कारण सड़क में गड्ढे पड़ जाते हैं, इससे राहगीरों, दुकानदारों व आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेलवे रोड सफीदों का प्रमुख बाजार है तथा हर रोज यहां से सैकड़ों वाहनोंं का आवागमन भी है। इस सड़क को पूरी मजबूती से बनाए जाने की जरूरत है। अगर तारकोल की सड़क बनी तो वह ज्यादा समय रूक नहीं पाएगी और कुछ समय बाद वहीं स्थिति उत्पन्न हो जाएगी जो वर्तमान समय में है। इससे सरकार का तो करोड़ों रुपये का नुकसान होगा ही साथ-साथ जनता को भी कोई लाभ नहीं होगा। अगर यह सड़क कंकरीट के ब्लाक से बनाई जाएगी तो यह सड़क मजबूत बनेगी।