06जेएनडी05: शहर के सर्राफा बाजार में दुकान में बैठकर ग्राहक का इंतजार करते स्वर्णकार। संवाद
- फोटो : katra news
जींद। लगातार बढ़ रहे सोने और चांदी के दाम का असर सर्राफा बाजार पर पड़ने लगा है। बाजार में जहां पहले दिनभर ग्राहकों की आवाजाही बनी रहती थी वहीं अब कई दुकानें खाली नजर आ रही हैं।
सर्राफा व्यापारी दीपक वर्मा ने बताया कि कुछ दिनों में सोने और चांदी के रेट में बढ़ोतरी हुई है। यही वजह है कि ग्राहक अब बाजार आने से पहले ही फोन पर रेट की जानकारी ले लेते हैं। ग्राहकों को दामों का पता चलता है वे हैरान रह जाते हैं और खरीदारी का मन बदल लेते हैं। कई मामलों में तो ग्राहक बाजार आने की जरूरत ही नहीं समझते और फोन पर ही बात खत्म कर देते हैं।
पहले लोग शादियों, त्योहारों और निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने आते थे लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। दिनभर दुकानदार ग्राहक का इंतजार करते रहते हैं। कुछ दुकानों पर तो पूरे दिन में एक-दो ग्राहक ही पहुंच रहे हैं। सर्राफा कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि बढ़ते अंतरराष्ट्रीय बाजार के दाम, डॉलर की मजबूती और आर्थिक अनिश्चितता का असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा है। निवेश के नजरिए से सोने की मांग बनी हुई है। वहीं चांदी के दामों में भी उछाल आने से औद्योगिक और घरेलू मांग पर असर पड़ा है।
इंसेट
दिन में चार-चार बार बदलता है सोने का भाव
स्वर्णकार आशीष ने बताया कि सोने के भाव कई बार एक दिन में ही चार-चार बार बदलते रहते है। फिलहाल सोने-चांदी के बढ़ते दामों ने सर्राफा बाजार की चमक को फीका कर दिया है। खाली पड़ी दुकानें और कम होती खरीदारी इस बात का संकेत हैं कि आम ग्राहक महंगे रेट से परेशान होकर फिलहाल दूरी बनाए हुए है।