फाटक पर चल रहा मरम्मत का कार्य।
- फोटो : Jind
देवीलाल चौक के पास स्थित रेलवे फाटक का मंगलवार को रेलवे ने मरम्मत कार्य शुरू किया। जिसकी वजह से फाटक पूरी तरह से बंद रखा गया। फाटक बंद होने से रोहतक रोड, भिवानी रोड तथा हांसी रोड शहर से अलग हो गया। इन तीनों मुख्य सड़क मार्गों से शहर में घुसने का रास्ता बंद होने से लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने विरोध जताते हुए कहा कि लॉकडाउन के दौरान रेलवे को यह कार्य करना चाहिए था। अब लोगों को परेशानी करने के लिए यह कार्य किया जा रहा है।
रोहतक, भिवानी, हांसी की तरफ से आने वाले लोग अधिकतर इसी फाटक को पार करके शहर में प्रवेश करते हैं। इसके अलावा हांसी रोड, भिवानी रोड तथा रोहतक रोड पर काफी शहर बसा हुआ है। इन सभी का भी जींद शहर से कनेक्शन कट गया है। रोहतक रोड के दुकानदारों, भिवानी रोड के मिस्त्री व हांसी पर कार्य करने वाले दुकानदारों ने कहा कि फाटक बंद होने के कारण उनका शहर से कनेक्शन कट गया है। इससे उनकी दुकानदारी बंद हो गई है। उनकी दुकानों पर आने के लिए लोगों को पटियाला चौक से होते हुए ईक्कस चुंगी के रास्ते से आना पड़ रहा है। इस कारण लोगों को सात किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसी प्रकार से रोहतक रोड से आने वाले लोगों को भी शहर में घुसने के लिए बाईपास व गोहाना रोड से आना पड़ रहा है, उनको भी लगभग पांच किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। व्यापार मंडल के प्रदेश सचिव राजकुमार गोयल ने कहा कि रेलवे को पहले रास्ते के लिए कोई विकल्प बनाना चाहिए था, उसके बाद रेलवे फाटक की मरम्मत करनी चाहिए थी। जिस समय जिले में पूर्ण लॉकडाउन था, उस समय भी यह कार्य किया जा सकता था लेकिन लोगों को परेशान करने के लिए अब मरम्मत कार्य किया जा रहा है। जींद शहर स्टेशन अधीक्षक संजीव कुमार ने कहा कि यह पूरा कार्य दिल्ली की इंजीनियरिंग ब्रांच करवाती है। उनको ही पता होता है कि क्या कार्य होना है और कब तक होना है। इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।