संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में इस बार हर घर तिरंगा अभियान के तहत 22530 झंडे घरों पर लगवाए जाएंगे। पिछले वर्ष राशन डिपो से प्रति तिरंगा 20 रुपये में बेचा गया था जबकि इस बार इसकी कीमत 25 रुपये कर दी गई है।
जिले के सभी केंद्रों के माध्यम से 540 राशन डिपो पर 11 अगस्त तक झंडे उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इन बिक्री केंद्रों पर कोई भी व्यक्ति व उपभोक्ता 25 रुपये प्रति झंडा की राशि अदा करके तिरंगा झंडा प्राप्त कर सकता है। बीते वर्ष राशन डिपो पर 20 रुपये में झंडा दिया गया था, लेकिन इस बार झंडे की कीमत में भी सरकार ने बढ़ोतरी की है। इन सभी झंडों को बेचना डिपो धारकों के लिए अनिवार्य किया गया है। जो डिपो धारक इन झंडों को उपभोक्ताओं को नहीं बेच पाएगा उसको इन झंडों की राशि खुद वहन कर विभाग के कार्यालय में जमा करवानी होगी।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी निशांत राठी ने बताया कि भारत सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के तहत नागरिक दुकान, मकान व कार्यालयों पर 13 से 15 अगस्त तक झंडा फहराकर आजादी का अमृत महोत्सव मना सकता हैं। इस महोत्सव के तहत नरवाना केंद्र पर 6 हजार, सफीदों में 2800, जींद केंद्र पर 5900, उचाना केंद्र पर 2650, जुलाना केंद्र पर 2200, पिल्लूखेड़ा केंद्र पर 1400, अलेवा केंद्र पर 1580 झंडे भेजे जाएंगे। जो 11 अगस्त से सभी उचित मूल्यों की दुकानों पर मिलने शुरू हो जाएंगे। जिला खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी की देखरेख में सभी खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी निरीक्षक खाद्य एवं पूर्ति/उप-निरीक्षक एवं पूर्ति को निर्देश जारी कर दिए गए हैं, कि झंडों को बिना किसी दबाव के उपभोक्ताओं एवं आमजन को वितरित करवाना सुनिश्चित करें।