जींद। नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का आकलन करने के लिए सोमवार से तीन दिवसीय एनक्वास निरीक्षण शुरू होगा। एनक्वास टीम अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से मूल्यांकन करेगी। निरीक्षण के दौरान मिलने वाले अंकों के आधार पर अस्पताल की रैंकिंग तय होगी और इसी प्रदर्शन के अनुसार नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
एनक्वास टीम में डॉ. दक्षेश कुमार सोलंकी, डॉ. मानवप्रीत कौर ढिल्लों और डॉ. मीना मित्तल शामिल हैं। टीम अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति देखने के साथ-साथ मरीजों को इलाज देने की प्रक्रिया, चिकित्सा संसाधनों की उपलब्धता, संक्रमण नियंत्रण और प्रशासनिक प्रबंधन की भी जांच करेगी।
ऐसे में अस्पताल प्रबंधन के सामने सभी स्वास्थ्य सेवाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने की चुनौती रहेगी। तीन सदस्यीय टीम 26 अक्तूबर से 28 अक्तूबर तक अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण करेगी।
इमरजेंसी से लेबर रूम तक होगी जांच
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी, ओपीडी, लेबर रूम, ऑपरेशन थिएटर, लैब, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक, फार्मेसी, टीकाकरण केंद्र और एंबुलेंस सेवाओं का जायजा लिया जाएगा। इसके अलावा दवाइयों की उपलब्धता, स्टोर रूम, शौचालयों की स्वच्छता, बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण, संक्रमण नियंत्रण और अस्पताल के बुनियादी ढांचे की स्थिति भी जांची जाएगी। कर्मचारियों के हाजिरी रजिस्टर, लेखा शाखा और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की पड़ताल भी होगी।
मूल्यांकन कार्यक्रम में विभिन्न मानकों पर दिए जाते हैं अंक
अस्पतालों में स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मूल्यांकन कार्यक्रम में विभिन्न मानकों पर अंक दिए जाते हैं। इसी प्रदर्शन के आधार पर रैंकिंग और नकद पुरस्कार तय होता है। अस्पताल प्रबंधन का प्रयास है कि निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों पर खरी उतरें।
बॉक्स
टीम के दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। अस्पताल में मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अस्पताल निरीक्षण में बेहतर प्रदर्शन कर अच्छी रैंकिंग हासिल करेगा और नकद पुरस्कार जीतने में सफल रहेगा।
-डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद।