फोटो 1 नरवाना। चौपाल कार्यक्रम के आयोजन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता। स्रोत कार्यकर्ता।
नरवाना। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत शनिवार को विधानसभा क्षेत्र के गांव अमरगढ़ और फरैण कलां में चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसमें जिला ऑब्जर्वर नीतू वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष ऋषिपाल हैबतपुर और वरिष्ठ नेता बृजेंद्र सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया में धांधली के आरोप लगाए।
नीतू वर्मा ने कहा कि भाजपा सत्ता बचाने के लिए किसानों, मजदूरों, महिलाओं, पिछड़ा वर्ग और युवाओं के वोट काटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग की। बृजेंद्र सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा ने 2014 में किसानों की आय दोगुनी करने, हर साल दो करोड़ रोजगार देने और प्रत्येक व्यक्ति के खाते में 15 लाख रुपये डालने जैसे वादे किए थे, लेकिन 12 साल बाद भी एक वादा पूरा नहीं हुआ। कांग्रेस नेताओं ने अभियान को आगे बढ़ाने में रणदीप सुरजेवाला और विधायक आदित्य सुरजेवाला के प्रयासों की सराहना की।