बेरी। बेरी के भागलपुरी चौक पर खेल स्टेडियम के साथ लगती दुकानों को खाली नहीं करने के बाद नगर पालिका ने दुकानों को सील कर दिया।
वीरवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं तहसीलदार सुदेश मेहरा, नगर पालिका सचिव पूजा, नगर पालिका स्टॉफ व पुलिस की टीम भागलपुरी चौक पर कब्जा कार्रवाई के लिए पहुंची तो दुकानदारों ने अपनी दुकानों को ताला लगाकर कर बंद कर दिया और अधिकारियों से अपील की कि उनको 10 दिन का समय दिया जाए।
अधिकारियों ने दुकानदारों का कहा कि 10 दिन का समय दे दिया जाएगा लेकिन दुकानदारों को लिखित में देना होगा। दुकानदारों ने लिखित में देने से मना किया तो कब्जा करने गई टीम ने दुकानों के ताले तोड़कर अपने ताले लगाकर 8 दुकानों को अधिकारियों की देखरेख में सील कर दिया। उल्लेखनीय है कि यह दुकानें नगरपालिका जमीन पर बनी हुई थी और पिछले करीब 30 सालों से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा इनको किराये पर छोड़ा गया था।
यह मामला अदालत में चलने उपरांत नगरपालिका द्वारा सभी दुकानदारों को दुकान खाली करने के नोटिस दिए गए थे, मगर दुकानदारों ने दुकान खाली नहीं की। नगरपालिका द्वारा कब्जा कार्रवाई की भनक लगते ही दुकानदार दुकानों को बंद करके चले गए। वीरवार दोपहर बाद तहसीलदार सुदेश मेहरा और सचिव नगरपालिका पूजा साहू की देखरेख में नगरपालिका द्वारा कब्जा कार्रवाई अमल में लाई गई और सभी आठ दुकानों को पुलिस बल की मौजूदगी में सील किया गया।
दुकानदार बोले 30 सालों से रह रहे, अब कहा जाएं
कब्जा कार्रवाई करने पहुंची टीम से दुकानदारों ने कहा कि पिछले 30 सालों से दुकानों में रह रहे हैं। अब एकाकए दुकान खाली होने से एकदम कहा जाएं। अधिकारियों का कहना था कि दुकानों को खाली करने के लिए पहले नोटिस दिया गया था और नोटिस के कई दिन बाद कार्रवाई की गई है।
वर्जन
भागलपुरी चौक पर स्थित खेल स्टेडियम के साथ लगती 8 दुकानों का केस नगर पालिका एसडीएम कोर्ट में जीत चुकी है। दुकानों को खाली करने के लिए दुकानदारों को नोटिस दिए गए थे, लेकिन दुकानदारों की तरफ से दुकानों को खाली नहीं किया गया। इसके चलते आज ड्यूटी मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की मौजूदगी में 8 दुकानों को सील किया गया है।
डॉ. सुशील कुमार, जिला नगर आयुक्त