जींद। सर्दी के मौसम में धुंध के दौरान रात को सड़कों पर सफर करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को अब अंधेरे से जूझना नहीं पड़ेगा। नगर परिषद ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने की तैयारी कर ली है। मंगलवार से खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए कंवरपूरा एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नगर परिषद इस व्यवस्था पर सालाना करीब एक करोड़ 17 लाख रुपये खर्च करेगी। एजेंसी शहर को तीन हिस्सों में बांटकर लाइटों के रखरखाव का काम करेगी। शहर में करीब 20 हजार स्ट्रीट लाइटें लगी हुई हैं। इनमें से कई क्षेत्रों में लाइटें खराब होने के कारण रात के समय अंधेरा रहता है।
इसका असर सर्दियों में अधिक पड़ता है। धुंध के कारण पहले ही सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में स्ट्रीट लाइटें बंद होने से वाहन चालकों को सड़क, मोड़ और सामने से आने वाले वाहनों को देखने में परेशानी होती है। नई व्यवस्था से शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और कॉलोनियों में रोशनी बनाए रखने में मदद मिलेगी।
शिकायत के 24 घंटे में ठीक होगी खराब लाइट
नगर परिषद ने स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए जवाबदेही भी तय की है। शहर के तीनों हिस्सों में एजेंसी के कर्मचारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किए जाएंगे। किसी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट खराब होने पर नागरिक सीधे संबंधित कर्मचारी को शिकायत कर सकेंगे। शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर लाइट ठीक करनी होगी।
सफीदों रोड पर भी लगेंगी नई लाइटें
सफीदों रोड पर सड़क निर्माण के दौरान कई स्ट्रीट लाइटें उखाड़ दी गई थीं। इसके चलते सफीदों गेट से परशुराम चौक तक रात के समय अंधेरा रहता है। इस मार्ग पर वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद इस हिस्से में भी जरूरत के अनुसार नई लाइटें लगवाने की योजना बना रही है।
-
रात के समय सड़कों पर रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था होना जरूरी है। धुंध में बंद स्ट्रीट लाइटें वाहन चालकों की परेशानी बढ़ाती हैं। खराब लाइटों को 24 घंटे में ठीक करने की व्यवस्था से लोगों को राहत मिलेगी।
सुनील वशिष्ट, समाजसेवी
नगर परिषद को मुख्य सड़कों के साथ कॉलोनियों की अंदरूनी गलियों पर भी ध्यान देना चाहिए। कई जगह लाइटें खराब होने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को रात के समय आने-जाने में परेशानी होती है।
राजकुमार गोयल, समाजसेवी
-
एजेंसी को जिम्मेदारी देने के साथ नगर परिषद को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि कर्मचारी समय पर शिकायतों का समाधान करें। मोबाइल नंबर सार्वजनिक होने से नागरिकों को अपनी समस्या बताने में आसानी होगी।
रामबिलास मित्तल, समाजसेवी
वर्जन
स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव के लिए एजेंसी को जिम्मेदारी दी गई है। शहर के तीनों हिस्सों में कर्मचारियों के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएंगे। जहां लाइटों की जरूरत है, वहां नई लाइटें लगवाई जाएंगी।
डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन, नगर परिषद जींद
-
फोटो कैप्शन
15जेएनडी17: रात के समय शहर में बंद स्ट्रीट लाइट। संवाद