05जेएनडी16-सांसद सतपाल ब्रह्मचारी से मिलते हुए मैढ सुनार सभा के पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
जींद। सोनीपत लोक सभा सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने जींद के सेक्टर-6 में निर्माणाधीन महाराज अजमीढ देव भवन एवं सुनार धर्मशाला के कार्य को पूरा करवाने के लिए अपने सांसद कोष से पांच लाख रुपये का अनुदान देने की घोषणा की है। यह घोषणा पिंडारा स्थित अपने कार्यालय में मैढ़ सुनार सभा के प्रधान सत्यनारायण सोनी की अगुवाई में ज्ञापन देने आए प्रतिनिधिमंडल के सामने की।
सांसद सतपाल ब्रहमचारी ने मैढ़ सुनार सभा की ओर से समाज हित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि निर्माणाधीन महाराज अजमीढ देव भवन एवं सुनार धर्मशाला के निर्माण में यदि आवश्यक होगा तो भविष्य में और भी मदद की जाएगी।
मैढ़ सुनार सभा के प्रधान सत्यनारायण सोनी, महाबीर सोनी, मनफूल वर्मा, इंद्र सिंह वर्मा, नरेश सोनी और गौरव सोनी ने सांसद के द्वारा धर्मशाला के निर्माण मे सहयोग करने के लिए उनका आभार प्रकट करते हुए बताया कि संस्था पिछले 27 साल से रक्तदान शिविर लगाने, कन्या भ्रूण हत्या रोकथाम के लिए लोगों को जागृत करने, पर्यावरण बचाने के लिए पौधरोपण करने, जरूरतमंद बच्चों को उनकी पढ़ाई में मदद करने, शहीदों की शहादत पर कार्यक्रम करके देश सेवा के लिए युवाओं को प्रेरित करने, स्वच्छता अभियान तथा नशे के खतरों के प्रति जागरूकता अभियान चलाकर सरकार व प्रशासन की मदद करने, जरूरतमंद युवतियों की शादी में मदद करने जैसे कार्य करते हुए सर्व समाज की एकता एवं भाई चारे की मजबूती के लिए कार्य कर रही है।