धारूहेड़ा। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा की एक बैठक धारूहेड़ा में अध्यक्ष देवेंद्र सिंह के कार्यालय पर संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष रवि वर्मा ने की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य महासभा को हरियाणा प्रदेश में और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं संगठित रूप से आगे बढ़ाने की रणनीति तय करना था। इस अवसर पर संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने समाज की मजबूती और एकता के लिए अपने सुझाव और विचार साझा किए।
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि महासभा का मूल उद्देश्य समाज को शिक्षित, संगठित और सशक्त बनाना है। इसके लिए गांव-गांव, शहर-शहर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में हरियाणा के सभी जिलों में पुनर्गठन किया जाएगा, नई युवा टीमों का गठन किया जाएगा, महिला मोर्चा को और सक्रिय किया जाएगा और समाज के शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य व राजनीतिक सहभागिता पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
इस दौरान हेमंत लोधी ने अपनी बनाई हुई स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की तस्वीर प्रदेश अध्यक्ष लोधी रवि वर्मा को भेंट की। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि लोधी राजपूत समाज को आत्मनिर्भर, संगठित और शिक्षित बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना ही हमारा लक्ष्य है।
बैठक में लोधी तलेवर सिंह, मोहर सिंह, प्रेम सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, वीरपाल, अभय सिंह, जितेंद्र वर्मा, धर्मवीर सिंह, मुकेश सहित धारूहेड़ा, रेवाड़ी और गुरूग्राम की पूरी राजपूत टीम उपस्थित रही।