10जेएनडी02: तीसरी हरियाणा जूनियर लैक्रोस प्रतियोगिता में दम दिखाते खिलाड़ी। स्रोत कोच
जींद। हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने वाली तीसरी हरियाणा जूनियर राज्य स्तरीय लैक्रोस प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। यह प्रतियोगिता 8 से 10 जनवरी तक गांव कादमा जिला चरखी दादरी में आयोजित की गई है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं।
लैक्रोस संघ के प्रधान सोमनाथ सैनी ने बताया कि जिला की लड़कों और लड़कियों की टीमें इस प्रतियोगिता में कोच राजपाल रेढू के निर्देशन में हिस्सा ले रही हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
लड़कों की टीम ने क्वार्टर फाइनल में मेजबान चरखी दादरी की टीम को कड़े मुकाबले में 10-7 गोल अंतर से पराजित किया। वहीं लड़कियों की टीम ने रोहतक की टीम को 5-4 के अंतर से हराकर जीत दर्ज की। दोनों ही मुकाबले रोमांचक रहे और खिलाड़ियों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए जिले का नाम रोशन किया।
टीम की जीत में लड़कों की ओर से कप्तान नितिन, उदय, चिराग और सर्वेश बल्हारा ने गोल कर अहम भूमिका निभाई। वहीं लड़कियों की टीम में कप्तान नैंसी, किरण और अन्नू देवी के प्रदर्शन ने टीम को जीत दिलाई। इस सफलता के पीछे कोचों और टीम मैनेजमेंट का भी बड़ा योगदान रहा। लड़कियों की टीम कोच खुशबू मालिक, टीम मैनेजमेंट सदस्य मनदीप श्योकंद, आशीष गोयत, नितेश, संदीप डीपीई, विश्वास सिंगरोह, सतेंद्र मालिक और दीपक रेढू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले आज खेले जाएंगे।