10जेएनडी01: सीआरएसयू में डांस की तैयारियां करती छात्राएं। संवाद
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में 21 से 23 जनवरी तक आयोजित होने वाले इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल को लेकर तैयारी जोरों पर है। विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। इस तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी जिनमें फॉग डांस, ग्रुप डांस, लोक नृत्य, एकल गायन, नाटक, कविता पाठ और फैशन शो जैसे आकर्षक कार्यक्रम शामिल होंगे।
डायरेक्टरेट ऑफ यूथ एंड कल्चरल अफेयर्स के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस फेस्टिवल के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विभिन्न समितियों का गठन किया गया है ताकि आयोजन को सफल बनाया जा सके। मंच व्यवस्था, तकनीकी सहयोग, आवास, भोजन, सुरक्षा और अनुशासन जैसी सभी जिम्मेदारियों को अलग-अलग टीमों को सौंपा गया है।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम और खुले मैदानों में फॉग डांस की विशेष तैयारियां चल रही हैं। छात्र-छात्राएं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं। आधुनिक लाइटिंग, ध्वनि व्यवस्था और फॉग मशीन के साथ प्रस्तुत होने वाले इस डांस को लेकर युवाओं में जोश है। प्रतिभागियों का कहना है कि यह कार्यक्रम दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगा।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार इंटर जोनल यूथ फेस्टिवल का उद्देश्य विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना और आपसी भाईचारे व सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। छात्राओं का कहना है कि उनको हरियाणवी डांस का बचपन से ही शोक है, इसलिए हम ऐसे कार्यक्रमाें में भाग लेते है।