संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जींद-सफीदों मार्ग की जर्जर हालत इन दिनों वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। 15 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर एक-एक से दो मीटर की दूरी पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। यहां से रोजाना गुजरने वाले लोगों को हादसे का डर सता रहा है।
इस मार्ग से प्रतिदिन 10 हजार से अधिक छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। इसमें निजी वाहन, स्कूल बसें, एंबुलेंस, मालवाहक ट्रक और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले दोपहिया वाहन शामिल हैं। सड़क पर बने 1000 से ज्यादा गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को बार-बार ब्रेक लगाकर या वाहन मोड़कर निकलना पड़ता है। इससे दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है।
रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। ड्यूटी से लौटने वाले बाइक और कार चालकों को अंधेरे में गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता जिससे फिसलने और टकराने की घटनाएं सामने आ रही हैं। कई वाहन चालकों का कहना है कि अचानक गड्ढा आने पर संतुलन बिगड़ जाता है और पीछे से आ रहे वाहनों से टक्कर का खतरा बना रहता है। बरसात या नमी के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।
राहगीर पंकज, राजीव, अमित, नीरज, अनिल ने कहा कि सड़क की स्थिति तीन महीनों से बदहाल है लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक प्रभावी मरम्मत या पेचवर्क नहीं कराया गया।
वर्जन
लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही इस मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। इससे आवागमन सुगम होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। हालांकि अब तक न तो चौड़ीकरण का कार्य शुरू हुआ है और न ही पुरानी सड़क के गड्ढे ठीक किए गए हैं। प्रशासन केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है जबकि जमीनी स्तर पर स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
-पंकज, कर्मचारी
-
खराब सड़क के कारण वाहनों की गति धीमी हो गई है जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। इसके अलावा वाहन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं भी बढ़ी हैं जिससे चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों और मरीजों को ले जाने वाली एंबुलेंस के लिए भी यह मार्ग परेशानी का कारण बना हुआ है।
-राजीव, कर्मचारी
-
जींद-सफीदों मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए और जल्द चौड़ीकरण कार्य शुरू कराया जाए। यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो किसी बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता। अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं ताकि इस महत्वपूर्ण मार्ग पर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके।
-अमित, कर्मचारी
-
जींद-सफीदों मार्ग को 10 मीटर चौड़ा किया जाना है। इसकी टेंडर प्रक्रिया नेगोसिएशन के लिए भेजी गई है। सीएम से इसकी मंजूरी मिलने के बाद इस पर काम शुरू किया जाएगा। जब तक इसका टेंडर अलॉट नहीं होता उस समय तक इसके गड्डों को भरवाने के लिए पैचवर्क करवाया जाएगा ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न रहे।
-राजकुमार नैन, एक्सईन पीडब्ल्यूडी
09जेएनडी38 जींद सफीदों मार्ग पर बने गड्डे। संवाद
09जेएनडी38 जींद सफीदों मार्ग पर बने गड्डे। संवाद
09जेएनडी38 जींद सफीदों मार्ग पर बने गड्डे। संवाद
09जेएनडी38 जींद सफीदों मार्ग पर बने गड्डे। संवाद