फोटो 03जेएनडी18-कांग्रेस भवन में गठबंधन से जुड़े नेताओं की बैठक में मौजूद पदाधिकारी। स्रोत कार
जींद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर इंडिया गठबंधन के स्थानीय घटक दलों ने जिला स्तर पर आंदोलन की घोषणा की है। शनिवार को कांग्रेस भवन में गठबंधन से जुड़े नेताओं की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड रमेश चंद्र ने की। इसमें कांग्रेस जिला प्रधान ऋषिपाल हैबतपुर, माकपा नेता कपूर शर्मा, भाकपा-माले के विनोद व प्रेम सिंह तथा नागरिक मंच से सुधीर शास्त्री और विकास मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि एसआईआर प्रक्रिया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ छह अक्तूबर को जिला स्तर पर प्रेसवार्ता की जाएगी। गठबंधन नेताओं ने कहा कि प्रेसवार्ता में मतदाता सूचियों से नाम हटाए जाने समेत एसआईआर से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे। इसके अलावा आठ अक्तूबर को रानी तालाब स्थित डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा से लघु सचिवालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा तक प्रदर्शन करने का फैसला लिया गया। नेताओं ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान गठबंधन के घटक दल संयुक्त रूप से अपनी मांगें रखेंगे। प्रदर्शन में विभिन्न वर्गों के लोगों को शामिल करने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम होना उसके लोकतांत्रिक अधिकार से जुड़ा विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर की प्रक्रिया के चलते कई मतदाताओं के सामने नाम और मताधिकार को लेकर असमंजस की स्थिति बनी है। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़ी आपत्तियों का पारदर्शी ढंग से निपटारा करने और पात्र मतदाताओं के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की।