नरवाना। हरनामपुरा गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय ने मेहनत, दूरदृष्टि और सामूहिक प्रयास के बल पर शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
विद्यालय ने 400 में से सर्वाधिक अंक अर्जित कर जिले में अलग पहचान बनाई। साथ ही एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी नाम किया। स्कूल में सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। स्कूल परिसर में पौधरोपण कर हरियाली को बढ़ावा दिया गया और बच्चों के लिए सुंदर पार्क भी विकसित किया गया है।
मुख्य द्वार, स्टेज और चहारदीवारी को भी नए और आकर्षक रूप में सजाया गया जबकि दीवारों पर शैक्षिक और प्रेरणादायक चित्र बनाकर वातावरण को ज्ञानवर्धक बनाया गया। इसके साथ ही विद्यालय में फर्नीचर की बेहतर व्यवस्था की गई और सुव्यवस्थित पुस्तकालय तैयार किया गया जिससे बच्चों को पढ़ने का अनुकूल माहौल मिला।
सुंदरीकरण प्रतियोगिता एडीसी की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने जिले के सातों खंडों के विजेता विद्यालयों का निरीक्षण किया। गहन मूल्यांकन के बाद हरनामपुरा विद्यालय सभी मानकों पर खरा उतरा और उसे जिले का सर्वश्रेष्ठ विद्यालय घोषित किया गया। इस उपलब्धि पर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी महेंद्र श्योराण, एसडीएम जगदीश चंद्र, खंड शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा और सरपंच दिलबाग नैन आदि लोगों ने विद्यालय परिवार को बधाई दी।
बाक्स
यह हैं विद्यालय की शैक्षणिक और सांस्कृतिक उपलब्धियां
35 बच्चों ने बुनियाद परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके तहत कक्षा 9वी से 12वीं तक नीट और जेई की फ्री कोचिंग ले रहे हैं।. मीज़ कम मेरिट स्कॉलरशिप 2026 में विद्यालय के 6 विद्यार्थियों का चयन हुआ। इसमें पूरे जिले में दूसरे स्थान पर और खंड में प्रथम स्थान पर रहे। वहीं 6 वर्षों में 49 छात्रवृत्ति विद्यालय के विद्यार्थियों ने जीत ली है। विद्यालय की हरियाणवी ग्रुप डांस टीम ने फोक डांस में 6 से 8 कक्षा के विद्यार्थियों ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के जेबीटी अध्यापक दिनेश व विनोद ने राष्ट्रीय स्तर पर रिले रेस में गोल्ड हासिल किया है।
वर्जन
इस उपलब्धि का श्रेय स्टाफ, ग्राम पंचायत और गांववासियों को जाता है। पिछले वर्ष सभी ने मिलकर संकल्प लिया था कि विद्यालय को जिले का सबसे सुंदर और आदर्श स्कूल बनाया जाएगा। इसी लक्ष्य को सामने रखते हुए पूरे वर्ष भर योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए गए और आज उसी का परिणाम सबके सामने है।-अनंतपाल नैन, मुख्याध्यापक