जींद। शहर के अर्बन एस्टेट स्थित महात्मा गांधी शिक्षा और समाज विकास संगठन की तरफ से शनिवार को एआई आधारित कंप्यूटर लैब का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन योगेश बैरागी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। वहीं अखिल भारतीय अग्रवाल समाज के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजकुमार गोयल, डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश भोला, राजन चिलाना, मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनजीत और भाजपा भूजल प्रकोष्ठ के सह-प्रमुख मुकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि आत्मनिर्भर हरियाणा की नींव स्किल्ड युवाओं से ही मजबूत होगी। आज के समय में तकनीकी शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट युवाओं के लिए सबसे बड़ा हथियार है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल स्किल्स से जुड़कर युवा न केवल रोजगार प्राप्त करेंगे, बल्कि भविष्य में रोजगार देने वाले भी बनेंगे।
कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि हरियाणा का युवा अत्यंत प्रतिभाशाली हैं। आवश्यकता है उसे सही दिशा और आधुनिक तकनीक से जोड़ने की। इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होते हैं। राजकुमार भोला ने बताया कि नवस्थापित एआई कंप्यूटर लैब में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल लिटरेसी एवं आधुनिक कौशल विकास का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सभी प्रशिक्षण कार्यक्रम नई शिक्षा नीति के अनुरूप ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से संचालित होंगे। इन कोर्सों से हरियाणा कौशल रोजगार निगम की भर्तियों में युवाओं को अतिरिक्त अंकों का लाभ भी मिलेगा। इस अवसर पर एचएसआईटी एआई एवं डिजिटल स्किल्स में प्रशिक्षण प्राप्त कर सफल हुए विद्यार्थियों को हरियाणा कौशल के प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
डॉ. राजकुमार गोयल ने कहा कि आज की शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल स्किल्स जैसे आधुनिक कोर्स युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाएंगे। वहीं डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश भोला ने कहा कि तकनीकी प्रशिक्षण से युवा न केवल आर्थिक रूप से सशक्त होंगे बल्कि समाज और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर डॉ. राजिंद्र कुमार, दीपिका भोला, राकेश श्योकंद ,रघुबीर भारद्वाज, पवन कौशिक, अंकिता खटकड़ और सुशीला धनखड़ मौजूद रहे।