जींद। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से पुरानी अनाज मंडी में आधुनिक शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा। फड़ पर बनने वाले शौचालय के नक्शा को मंजूरी मिल चुकी है। 15 लाख रुपये की एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेजा गया है। जल्द ही इसको मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
काफी सालों से पुरानी मंडी में शौचालय निर्माण की मांग की जा रही थी। विधायक देवेंद्र चतरभुज ने राहगीरों, किसानों, आढ़तियों, मजदूरों की ओर से की गई मांग को मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक के समक्ष रखा।
मुख्य प्रशासक ने अधिकारियों को शौचालय के निर्धारित जगह का जायजा ले नक्शा तैयार कर एस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। जो नक्शा बनाया गया उसको मंजूरी मिल गई है। अब जो एस्टीमेट मुख्यालय भेजा गया है उसके अपू्रवल मिलने का इंतजार है। शौचालय में दिव्यांगों, बुजुर्गों के लिए रैंप बनाया जाएगा।
पुरानी मंडी में नहीं था शौचालय
आढ़ती एसोसिएशन प्रधान विकास पंघाल, सुरेश गर्ग, पंकज पार्षद, सतपाल करसिंधु ने कहा कि पुरानी मंडी में शौचालय नहीं था। यहां पर किसानों, मजदूरों, आमजन को काफी परेशानी होती थी। विधायक के समक्ष से मांग रखी थी जिसको विधायक ने पूरा करवाने का काम किया। अब शौचालय की ड्राइंग (नक्शा) को मंजूरी मिलने के बाद जल्द जो एस्टीमेट बना है उसको मंजूरी मिलने के बाद इसका काम शुरू होने की उम्मीद हो गई है।
नहीं आने दी जाएगी किसी तरह की परेशानी
आमजन, किसान, मजदूर, आढ़तियों की ओर से पुरानी मंडी में आधुनिक शौचालय की मांग रखी थी। मांग पर मार्केटिंग बोर्ड के मुख्य प्रशासक से मिले थे। अब नक्शा मंजूर हो चुका है जल्द ही एस्टीमेट को मंजूरी मिल जाएगी।
-देवेंद्र चतरभुज अत्री, विधायक उचाना।
वर्जन
जो पुरानी मंडी में फड़ पर आधुनिक शौचालय बनना है उसके नक्शा को मंजूरी मिल गई है। करीब 15 लाख का एस्टीमेट भी मुख्यालय भेज है जिसके जल्द मंजूर होने की उम्मीद है।
-दीपक खासा, एक्सईएन, मार्केटिंग बोर्ड, जींद।