जींद। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में लंबे समय से बदहाली का शिकार बने पार्क का अब जीर्णोद्धार किया जाएगा। नगर परिषद की ओर से पार्क के सुधार कार्य के लिए करीब 12 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। 16 मई को टेंडर की बिड खोली जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
कॉलोनीवासी पिछले कई वर्षों से पार्क की खराब स्थिति से परेशान थे। पार्क में जगह-जगह उगी झाड़ियां, टूटी पगडंडियां, खराब बैठने की व्यवस्था और सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई थी। हालात यह थे कि नगर परिषद के कर्मचारी भी नियमित रूप से पार्क की सफाई करने नहीं पहुंच रहे थे। इससे पार्क में गंदगी फैलती जा रही थी।
काॅलोनीवासी सविता का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए बनाया गया यह पार्क धीरे-धीरे बदहाल होता चला गया। शाम के समय टहलने आने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार पार्क में सांप और अन्य जहरीले जीव दिखाई देने की शिकायतें भी सामने आई थीं। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी।
चेयरपर्सन से की पार्क में काम कराने की मांग
कॉलोनीवासियों ने कई बार नगर परिषद की चेयरपर्सन के समक्ष पार्क में काम कराने की मांग उठाई थी। इसके लिए लोगों ने रोष भी जताया और अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की थी। अब नगर परिषद द्वारा टेंडर जारी किए जाने के बाद लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही पार्क की सूरत बदलेगी।
पार्क के सुधार कार्य में हरियाली बढ़ाने, बैठने की नई व्यवस्था, पाथ-वे निर्माण, सफाई व्यवस्था और बच्चों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके लिए टेंडर लगा दिया है। अब जल्द ही काम शुरू करवाकर कॉलोनीवासियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
- ऋषिकेश चौधरी, ईओ, नगर परिषद, जींद।